दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ईस्ट दिल्ली में मिल रहे इंसानी शरीर के टुकड़ों की गुत्थी को सुलझा लिया है. दरअसल पांडव नगर में रहने वाले मां बेटे ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया था और फिर शरीर को टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाया जा रहा था.
पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने गश्त के दौरान कल्याणपुरी रामलीला मैदान के पीछे एक जगह से बदबू महसूस की.इसके बाद पुलिस की दूसरी टीम को बुलाया गया और साथ में फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. छानबीन में झाडियों से इंसानी शरीर के कटे हुए टुकड़े मिले जो एक बैग में रखे गए थे.पांडव नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की तो एक सीसीटीवी फुटेज मिला जिसमें एक युवक रात के अंधेरे में उसी इलाके में कुछ फेंकता हुआ दिखा.
उस संदिग्ध युवक को जब पुलिस ने पूछताछ के लिए पकड़ा तो पूरा मामला सामने आ गया. दरअसल पांडव नगर में रहने वाले बेटे ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी थी.हत्या के बाद लाश को काटकर घर की फ्रिज में रख दिया था और रोजाना शव के टुकड़ों को पांडव नगर के अलग अलग इलाकों में फेंक देता था.
जैसे ही लड़के ने मां के साथ मिलकर पिता की हत्या की बात कबूल की, क्राइम ब्रांच ने महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि बेटे ने माँ के साथ मिलकर पिता की हत्या को अंजाम दिया और फिर शव को काट कर फ्रिज में रख दिया. अलग-अलग दिन आकर चांद सिनेमा के सामने स्थित ग्राउंड में आधी रात के बाद लाश के टुकड़ों को ठिकाने लगाया जाता था.

