JMMSY (Jharkhand Mukhyamantri Maiya Samman Yojna) : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड विधान सभा परिसर से “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY)” के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 10 एलईडी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन सभी एलईडी वाहनों के माध्यम से रांची, रामगढ़ एवं खूंटी जिला के विभिन्न क्षेत्रों में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा.
JMMSY के प्रचार की शुक्रवार से हुई व्यापक शुरुआत
बता दें कि झारखंड विधान सभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के द्वारा प्रचार-प्रसार वाहन रवाना होने के पश्चात रांची, रामगढ़ एवं खूंटी जिले के अलावे राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त द्वारा अपने-अपने जिलों में “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के बृहद प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को एलईडी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया . इस प्रकार आज से पूरे राज्य में “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” का व्यापक प्रचार-प्रसार की शुरुआत हुई है.
क्या है मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना ?
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में ये योजना महिलाओं को आर्थिक रुप से सहायता राशि प्रदान करने के लिए शुरु की है.इस योजना के तहत सरकार उन महिलाओं को एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन गुजर बसर कर रही हैं.इस योजना का लाभ 21 वर्ष से लेकर 50 वर्ष तक की महिलाओं को मिलेगा. राज्य की जो भी महिला इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं, उन्हें इस योजना में आवेदन करना होगा.
योजना का कैसे उठायें लाभ ?
Mukhyamantri Maiya Samman Yojana की शुरुआत सीएम हेमंत सोरेन ने 25 जुलाई 2024 को किया है. योजना के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और तिथि का निर्धारण हो गया है . योजना का लाभ उठाने के लिए इच्छुक महिलाएं 3 अगस्त से 10 अगस्त तक आवेदन कर सकती हैं. आवेदन करने के लिए महिलाओं को आंगनबाड़ी या जिला पंचायत कार्यालय में लगे योजना से संबंधित विशेष कैंप पर जाना होगा. कैंप से योजना से जुड़ा आवेदन फॉर्म मिल जाएगा इसके अतिरिक्त महिला आधिकारिक वेबसाइट से भी Mukhyamantri Maiya Samman Yojana PDF Form डाउनलोड कर सकती है. आपको ये जानकारियां फार्म में भरनी होगी.

झारखंड विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़ा है. ऐसे में सीएम हमंत सोरेन ने अपनी जीत पक्की करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया. ये योजना इसी की एक कड़ी है. इस योजना के जरिये समाज के एक बड़े तबके को आर्थिक सहायता मिलेगी और महिलाएं आर्थिक रुप से खुद को सशक्त महसूस करेंगी. सीएम हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को इस योजना के व्यापक प्रचार के लिए 10 वैन रवाना किये हैं जो हर जिले में जाकर लोगों को योजना के बारे में जानकारी देगी.
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, मंत्री, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग बेबी देवी, विधायक सविता महतो, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक अम्बा प्रसाद, विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, सचिव मनोज कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

