Uttarakhand Chhath Puja उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में छठ पूजा की तैयारियों और धार्मिक सुविधाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में 20 छठ घाट बनाने की घोषणा की. इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर, विकासनगर के बाढ़वाला और चंपावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए विशेष घाट बनाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कार से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज को एकजुट करने और सकारात्मक दिशा देने का काम कर रहे हैं। ऐसे संगठनों के प्रयास सामाजिक एकता और सामूहिक विकास को मजबूती प्रदान करते हैं.

काशीपुर से किच्छा तक बनेंगे 20 छठ घाट
मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 20 छठ घाटों का निर्माण कराया जाएगा.
इसके साथ ही देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के किनारे और चंपावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित किए जाएंगे. इस घोषणा को प्रदेश में छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के धार्मिक स्थलों का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त हुई बाबा केदार की नगरी को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ा है. सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक पहचान का संरक्षण एवं प्रसार करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार केदारखंड में चारधामों का विकास किया गया है, उसी तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है. इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का काम भी तेजी से चल रहा है.
3000 करोड़ की लागत से गंगा और शारदा कॉरिडोर का काम
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में मां गंगा के तट पर गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का काम लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को भी प्रोत्साहित कर रही है. इसी दिशा में दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना की गई है. इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के गहन अध्ययन को बढ़ावा देना है.
दीपावली मेले में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

