न्यूजीलैंड के कोच वाल्टर को सीरीज में वापसी की है उम्मीद

वैलिंगटन।  न्यूजीलैंडक्रिकेट टीम के मुख्य कोच रॉब वाल्टर भारतीय टीम के खिलाफ पहले दोनो टी20 मुकाबले में हार के बाद भी निराश नहीं हैं। वाल्टर को उम्मीद है कि उनकी टीम अब भी इस सीरीज में वापसी कर सकती है। कोच ने माना है कि उनकी टीम ने दोनों ही मुकाबलों में अच्छी शुरुआत की पर किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने कुछ महत्वपूर्ण मौकों को गंवाया, जिसके कारण परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा।
वाल्टर के अनुसार पहले दोनो ही मैचों में उनकी टीम अधिकतर समय तक मुकाबले में बनी हुई थी और उसके पास अवसर भी था पर वह उसका लाभ नहीं उठा पायी। हालांकि उन्होंने यह भी माना है कि अहम क्षणों में टीम को अपने खेल में सुधार करने की जरुरत है। साथ ही कहा कि दूसरे मैच के दौरान हमने फील्डिंग अच्छी नहीं की जिससे कई कैच गिरे। इसके अलावा, एक नो-बॉल होने से भारतीय बल्लेबाज को आउट नहीं दिया गया जिसके कारण ही मैच उनके हाथ से निकल गया। वाल्टर ने माना है कि कि कोई भी खिलाड़ी जानबूझकर ऐसी गलतियाँ नहीं करता। ये अनजाने में हो जाती हैं, लेकिन अक्सर इनकी कीमत चुकानी पड़ती है। उन्होंने इन गलतियों को टीम के लिए एक सबक बताया है।
हार के बावजूद, वाल्टर ने दूसरे मैच में टीम के जुझारू प्रदर्शन से संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में तीन विकेट गंवाने के बाद भी 180 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा करना टीम के बल्लेबाजी क्रम की गहराई और लचीलेपन को दर्शाता है। उन्होंने कप्तान मिचेल सैंटनर के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने चार विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ने का प्रयास किया। वाल्टर ने कहा कि सैंटनर के प्रदर्शन को कभी-कभी उतनी सराहना नहीं मिलती है जितनी मिलनी चाहिए, खासकर जब उन्होंने थोड़ी बहुत उछाल वाली और ज्यादा टर्न न लेने वाली पिच पर अपनी गति और नियंत्रण का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड टीम अब अपनी गलतियों से सीखकर अगले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

Latest news

Related news