REI Expo में पहुंचे रवि किशन,अवादा पवेलियन में बोले-‘सोलर अपनाइए, बिजली बिल बचाइए’

REI Expo 2026  ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया एक्सपो (REI Expo 2026) का शनिवार (24 अक्टूबर) को सफल समापन हो गया. इस अवसर पर लोकप्रिय फिल्म अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने अवादा ग्रुप (Avaada Group) के पवेलियन का विशेष दौरा किया और सौर ऊर्जा की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी ली.

REI Expo 2026 
REI Expo 2026 में पहुंचे रवि किशन

रवि किशन खरीदेंगे सोलर पैनल

एक्सपो के दौरान रवि किशन ने अवादा पवेलियन में प्रदर्शित हरित तकनीक और सौर ऊर्जा समाधानों को देखा. उन्होंने बताया कि वह अपने घर पर पहले ही सोलर पैनल लगवा चुके हैं और अब अपने गोरखपुर स्थित कार्यालय के लिए भी सोलर पैनल लगाने की योजना बना रहे हैं.

उन्होंने उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी और आसान बैंक ऋण सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली का भारी बिल बचेगा, बल्कि प्रदूषण कम होगा और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी.

जेन-ज़ी (Gen-Z) और प्रशंसकों से खास अपील

इन दिनों सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच जबरदस्त ट्रेंड कर रहे रवि किशन ने अपने चिरपरिचित अंदाज में फैंस से अपील की:

“मैं आपसे इस तरह कभी नहीं कहता, लेकिन आज कह रहा हूं—कृपया सोलर अपनाइए. अपने घरों की छतों पर, खेतों में और फार्महाउस पर सोलर लगवाइए.”

अपने मशहूर संवाद ‘जिंदगी झंड बा, फिर भी घमंड बा’ को याद करते हुए उन्होंने कहा, “मैं बिग बॉस के समय भी वायरल हुआ था, मैं बहुत पुराना वायरल आदमी हूं.” उन्होंने जेन-ज़ी से मिल रहे प्यार के लिए सभी का आभार व्यक्त किया.

रेलवे स्टेशनों पर सोलर के लिए रेल मंत्री को पत्र

सांसद रवि किशन ने रेलवे बुनियादी ढांचे में सौर ऊर्जा के उपयोग पर जोर देते हुए बताया कि वह देशभर के रेलवे स्टेशनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख चुके हैं और इस विषय को संसद में भी उठा चुके हैं.

विनीत मित्तल ने किया स्वागत

अवादा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने रवि किशन का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘रवि’ का अर्थ ही सूर्य (सूरज) होता है, इसलिए सौर ऊर्जा के इस महाकुंभ में उनका आना पूरी तरह स्वाभाविक है.

REI Expo 2026 के बारे में

इनफॉर्मा मार्केट्स द्वारा आयोजित एशिया का यह प्रमुख स्वच्छ ऊर्जा आयोजन 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुआ. इसमें देश-विदेश से सौर ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और अक्षय ऊर्जा तकनीकों के समाधान प्रदर्शित किए गए.

Latest news

Related news