ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज नॉर्टजे के बिना उतरेंगी दक्षिण अफ्रीका

केप टाउन ।  दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे ग्रोइन में हल्की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार से शुरु होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। नॉर्टजे का बाहर होना अफ्रीकी टीम के लिए बड़ा झटका है।  यह सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है और इस मैच में जीतने वाली टीम सीरीज विजेता बनेगी। ऐसे में हुए केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में जीत के लिए दोनो ही टीमें पूरी ताकत लगा देंगी।  ऐसे में नॉर्टजे जैसे बेहतरीन गेंदबाज की कमी  अफ्रीकी टीम को खलेगी।  नॉर्टजे की जगह पर अभी तक किसी अन्य गेंदबाज को शामिल नहीं किया गया है। इससे टीम के खिलाड़ियों पर दबाव और बढ़ गया है। नॉर्टजे को गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी। बुधवार को चोटिल होने के बाद वह चौथे दिन सुबह अपने चौथे ओवर के बीच में ही मैदान छोड़कर चले गए थे।  इसके बाद स्कैन जांच में उनकी चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें निर्णायक मुकाबले से बाहर रखने का यह कठिन फैसला लिया गया।
नॉर्टजे के लिए यह चोट इसलिए भी निराशाजनक है, क्योंकि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में लंबे अंतराल के बाद वापसी की थी। डरबन में सीरीज के पहले टेस्ट से पहले उन्होंने साढ़े तीन साल से ज्यादा समय तक टेस्ट नहीं खेला था।  निर्णायक टेस्ट में नॉर्टजे की जगह भरने के लिए दक्षिण अफ्रीका के पास कुछ विकल्प मौजूद हैं। तेज गेंदबाजों में गेराल्ड कोएत्जी, ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश और डेन पैटरसन में से किसी एक को मौका मिल सकता है। हालांकि, इन खिलाड़ियों के पास टेस्ट मैचों का काफी कम अनुभव इनकी राह में बाधा बन सकता है। कोएत्जी ने करीब दो साल से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है, जबकि बॉश और पैटरसन भी टीम के साथ पहले टेस्ट से मौजूद हैं लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला है।वहीं न्यूलैंड्स की पिच की प्रकृति और टीम संयोजन को ध्यान में रखते हुए, दक्षिण अफ्रीका की टीम बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी को अंतिम ग्यारह में शामिल करा सकती है। पिच की स्थिति स्पिनरों के अनुकूल होने पर यह एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव साबित हो सकता है। नॉर्टजे जैसे विश्व स्तरीय तेज गेंदबाज की अनुपस्थिति में, दक्षिण अफ्रीका के शेष गेंदबाजी आक्रमण पर अतिरिक्त जिम्मेदारी रहेगी कि वे ऑस्ट्रेलिया के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को नियंत्रित करें और विकेट हासिल करें।दक्षिण अफ्रीका की टीम में कप्तान टेम्बा बावुमा के अलावा मार्क्स एकरमैन, डेविड बेडिंघम, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, गेराल्ड कोएत्जी, साइमन हार्मर, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन और काइल वेरेन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन नॉर्टजे की जगह किस खिलाड़ी को अंतिम एकादश में शामिल करता है।

Latest news

Related news