जंतर-मंतर मार्च से पहले हरियाणा में सियासी हलचल तेज, विपक्षी नेताओं की नजरबंदी पर सवाल

सिरसा और डबवाली: दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने एहतियात के तौर पर शुक्रवार को राज्यभर में भारी सख्ती बरती। पुलिस ने सिरसा, डबवाली, हिसार और रोहतक समेत विभिन्न जिलों में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), जजपा, इनसो और इनेलो से जुड़े 150 से अधिक प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं को उनके ठिकानों पर नजरबंद कर दिया तथा कई स्थानों पर हिरासत में लिया गया।

डबवाली और सिरसा में कांग्रेस व वामदल के नेता हिरासत में और नजरबंद

मंडी डबवाली क्षेत्र में पुलिस ने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कई कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने वालों में कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सगनदीप सिंह, पार्षद समनदीप बराड़, पार्षद प्रतिनिधि भोला सिंह और विक्की भाऊ शामिल हैं।

वहीं सिरसा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सह सचिव कामरेड तिलक राज विनायक और आम आदमी पार्टी के नेता दारा सिंह दमदमा को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया। कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़ ने इस कार्रवाई पर विरोध जताते हुए कहा कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जा रहे थे, जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक रोक लिया और बाद में पीसीआर व अन्य वाहनों के जरिए सिटी थाने पहुंचा दिया गया।

हिसार में 20 से अधिक नेता हिरासत में, कई रेल सेवाएं और यातायात प्रभावित

हिसार से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों और प्रदर्शनकारियों की सुगबुगाहट को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। परिचालन कारणों से कई प्रमुख रेल सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं, जिससे भिवानी, रेवाड़ी और रोहतक के रास्ते दिल्ली जाने वाले यात्रियों के विकल्प प्रभावित हुए हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी दी कि ट्रेन संख्या 54310 हिसार-दिल्ली, 54424 हिसार-नई दिल्ली, 54423 नई दिल्ली-हिसार, 54043 जींद-हिसार, 54309 दिल्ली-हिसार, 54325 हिसार-रेवाड़ी और 54316 हिसार-रेवाड़ी समेत कई ट्रेनें शनिवार को संचालित नहीं होंगी। हालांकि, सड़क मार्ग पर रोडवेज बसें अपने निर्धारित रूटों पर सामान्य रूप से चल रही हैं।

हिसार में कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेश संदलाना, किसान नेता कुलदीप खरड़, आईएसओ के साहिलदीप कस्वां, केएएसओ के हरिकेश ढांडा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल सिवाच, जनवादी नौजवान सभा के पंकज बगला, मुकेश दुर्जनपुर और भूपेंद्र गंगवा सहित 20 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर हिसार से दिल्ली के बीच पड़ने वाले सभी प्रमुख टोल प्लाजा, विशेषकर रामायण टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इनेलो के दो पदाधिकारी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई को बताया दमनकारी

दिल्ली आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बहादुरगढ़ से जुड़े दो प्रमुख पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए पदाधिकारियों में इनेलो के जिला शहरी अध्यक्ष रामनिवास सैनी और जिला मीडिया प्रभारी एडवोकेट विपिन शामिल हैं।

इनेलो पार्टी ने इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सरकार की दमनकारी नीति करार दिया है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, और इस प्रकार की गिरफ्तारियां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार करती हैं।

रोहतक में नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट, रोहद टोल पर कड़ी चेकिंग

रोहतक में भी प्रशासन ने शनिवार के प्रदर्शन को लेकर कड़ी चौकसी बरती है। कई स्थानीय नेताओं को उनके घरों में हाउस अरेस्ट किया गया है। गांव रिटोली कबूलपुर में जिला परिषद के पार्षद जयदेव डागर को सुबह 6 बजे हाउस अरेस्ट करने पहुँची पुलिस का ग्रामीणों ने विरोध किया और पुलिसकर्मियों को घर के अंदर बैठा लिया।

इसी प्रकार, गांव सिसरौली की किसान नेत्री मोनिका नैन और इनेलो के पूर्व जिला अध्यक्ष बल्लु प्रधान को भी सुबह-सुबह पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। रोहद टोल प्लाजा पर रोहतक पुलिस द्वारा दिल्ली जाने वाले हर वाहन की गहन चेकिंग की जा रही है, और राजधानी की ओर बढ़ रहे युवाओं व समर्थकों को वापस लौटाया जा रहा है।

Latest news

Related news