Ujjain Shahi Masjid : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने उज्जैन की शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए जाने के मामले में प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वो धैर्य बनाए रखें. उन्होने कहा कि अधिकार छीनने वालों को संविधान सजा देगा.
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा अवैध इमारतें बीजेपी के पास हैं. अखिलेश यादव ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी “देश की सबसे बड़ी ज़मीन माफ़िया पार्टी” है.
दरअसल उज्जैन के शाही मस्जिद से अतिक्रमण हटाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. स्थानीय प्रशासन काकहना है कि आने वाले सिंहस्थ के आयोजन के लिए सड़क चौड़ीकरण काम चल रहा है और इस मस्जिद का कुछ हिस्सा सड़क पर आ रहा है. वहीं दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय इसे मस्जिद के हिस्से तो तोड़े जाने पर आपत्ति जता रहा है.
उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने की कार्रवाई की जा रही है. यह सड़क गोपाल मंदिर क्षेत्र में स्थित है और सिंहस्थ कुंभ मेला-2028 की तैयारियों के तहत शहर में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की योजना का हिस्सा है.
उज्जैन नगर निगम ने सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए मस्जिद के कुछ हिस्सों को हटाने का प्रस्ताव दिया था. मस्जिद वक्फ संपत्ति के रूप में पंजीकृत है. इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए संबंधित पक्षों ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं.
9 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने दोनों याचिकाएं खारिज कर दी थीं. इसके बाद प्रशासन को प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का रास्ता मिल गया.
हालांकि, मस्जिद की पूरी इमारत को गिराने की कार्रवाई नहीं है. सड़क के निर्धारित अलाइनमेंट में आने वाले हिस्से को ही हटाया जाना है.
मस्जिद कमेटी के लोग खुद हटा रहे प्रभावित हिस्सा
मस्जिद के प्रतिनिधि कमेटी के सदस्यों की ओर से सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को खुद हटाने की बात सामने आई है. प्रशासन और शहर काजी ने भी लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.यह विवाद अब केवल सड़क चौड़ीकरण तक सीमित नहीं रह गया है. धार्मिक स्थल, स्थानीय लोगों की भावनाओं और विकास परियोजना के बीच संतुलन को लेकर भी बहस शुरु हो गई है.
शंकराचार्य के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा
अखिलेश यादव ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए बीजेपी पर जम कर निशाना साधा. उज्जैन शाही मस्जिद के बहाने उन्होंने शंकराचार्य के साथ प्रयागराज में हुए व्यवहार को लेकर भी तंज किये. उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य को गंगा में स्नान नहीं करने दिया गया और इसके लिए बीजेपी को राजनीतिक रूप से जवाब देना पड़ेगा.
सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में गायों के प्रति समर्पित हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में 100 गाय रखकर उनकी सेवा करनी चाहिए.
मायावती के EVM आरोपों पर भी बोले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की ओर से ईवीएम को लेकर उठाए गए सवालों के संदर्भ में तकनीक और साइबर अपराध का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने लखनऊ में साइबर फ्रॉड और अवैध कॉल सेंटरों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध का तरीका बदल रहा है.
अखिलेश यादव ने दावा किया कि लखनऊ में 120 लोग अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे और अमेरिका से पैसे वसूल रहे थे. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध केवल कट्टे से नहीं, बल्कि कंप्यूटर के जरिए भी हो रहा है.
उज्जैन विवाद पर सियासत तेज, अब आगे क्या?
उज्जैन की शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का मामला अब राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में है। अखिलेश यादव ने जहां मुस्लिम समुदाय से धैर्य रखने की अपील की है, वहीं बीजेपी पर संवैधानिक अधिकारों और धार्मिक मुद्दों को लेकर निशाना साधा है.

