नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार शाम को एक बड़ा एक्शन लिया। शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक चले इस विशेष अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय पुलिस और पीसीआर (PCR) के साथ मिलकर यातायात के गंभीर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगभग 290 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
290 पुलिसकर्मियों की तैनाती और 1,930 चालान
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस तीन घंटे चले सघन अभियान के दौरान यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले लापरवाह वाहन चालकों के कुल 1,930 चालान काटे गए। पुलिस का मुख्य फोकस सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने पर था।
इस दौरान विशेष तौर पर निम्नलिखित उल्लंघनों पर कड़ी नजर रखी गई:
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना
दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी)
गाड़ियों में अवैध रूप से टिंटेड शीशे (काली फिल्म) का इस्तेमाल
शराब पीकर वाहन चलाना (ड्रंक ड्राइविंग)
रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में वाहन चलाना
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गलत दिशा में वाहन चलाने वाले खतरनाक मामलों में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार एफआर्ईआर (FIR) भी दर्ज की गई है।
24 संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके चिन्हित
ट्रैफिक पुलिस ने इस विशेष अभियान के लिए दिल्ली भर के 24 अत्यधिक संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित किया था। इनमें अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT), प्रमुख विश्वविद्यालय, बड़े कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास के इलाके विशेष रूप से शामिल रहे। इन प्रमुख स्थानों पर पैदल यात्रियों, छात्र-छात्राओं और दोपहिया वाहनों की भारी आवाजाही को देखते हुए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यातायात को सुचारू बनाया जा सके।

