भारत का कबड्डी में गोल्डन डबल, पुरुष टीम ने फाइनल में ईरान को 39-35 से हराया

Asian Games 2026 : भारत की पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने 39-35 से जीत दर्ज की. पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की और मुकाबले का रुख पलट दिया.

Asian Games 2026:पहले हाफ में पिछड़ी टीम इंडिया,दूसरे हाफ में पलटा मैच

भारत और ईरान के बीच फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली. दोनों टीमों ने एक-एक अंक के लिए पूरा जोर लगाया. ईरान के खिलाड़ियों ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया और पहले हाफ के अंत तक 18-17 की मामूली बढ़त हासिल कर ली.

पहले हाफ में एक अंक से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम के सामने वापसी की चुनौती थी. दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति अपनाई और ईरान पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया.

कप्तान सुनील कुमार के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने रेडिंग और डिफेंस, दोनों मोर्चों पर बेहतर तालमेल दिखाया. धीरे-धीरे भारत ने स्कोर में बढ़त बनाई और मुकाबले को अपने पक्ष में कर लिया.

अर्जुन देशवाल और असलम इनामदार ने संभाला मोर्चा

फाइनल में भारतीय रेडर्स ने अहम मौकों पर अंक जुटाए. अर्जुन देशवाल और असलम इनामदार समेत टीम के खिलाड़ियों ने ईरान के डिफेंस को चुनौती दी.

मुकाबले के अंतिम मिनटों में भारतीय डिफेंस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ईरान को ऑल आउट करने से भारत को बढ़त मजबूत करने का मौका मिला. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और 39-35 के अंतर से मुकाबला जीत लिया.

भारत की इस जीत में रेडिंग और डिफेंस के बीच तालमेल निर्णायक रहा. पहले हाफ में पिछड़ने के बाद टीम ने जिस तरह वापसी की, उसने फाइनल को यादगार बना दिया.

महिला टीम के बाद पुरुषों ने भी जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी शनिवार को फाइनल में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता था. महिला टीम ने 37-33 से जीत दर्ज की. इसके बाद पुरुष टीम ने भी ईरान को हराकर कबड्डी में भारत के लिए दूसरा गोल्ड हासिल किया.

एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी में भारत का रिकॉर्ड

एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी में भारत का शानदार रिकॉर्ड रहा है. भारतीय टीम ने 1990 से 2014 तक लगातार सात संस्करणों में गोल्ड मेडल जीता था. 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था, जबकि ईरान ने स्वर्ण पदक जीता था.

इसके बाद भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर वापसी की. अब 2026 में ईरान को फाइनल में हराकर भारतीय पुरुष टीम ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया है.

भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में उत्साह है. कबड्डी में दोनों टीमों के खिताब जीतने से भारत ने इस खेल में अपनी मजबूत स्थिति को एक बार फिर दर्ज कराया है.

Latest news

Related news