अनंत सिंह-नीरज विवाद पर ललन सिंह ने साधी चुप्पी, बोले- JDU में कोई मतभेद नहीं

Anant Singh-Neeraj Kumar Dispute पटना: बिहार में पटना स्नातक विधान परिषद सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के बीच जारी विवाद अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच गया है. दोनों नेताओं के बीच लगातार हो रही बयानबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस पूरे विवाद पर सीधे तौर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. हालांकि, उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद से इनकार करते हुए कहा कि JDU एकजुट है.

ललन सिंह शनिवार को पटना पहुंचे. एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब उनसे अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जिस नेता ने जो बयान दिया है, उसी से उसके बारे में पूछा जाना चाहिए. उन्होंने इस मामले में अपनी ओर से कोई टिप्पणी नहीं की.

Anant Singh-Neeraj Kumar Dispute-‘JDU में कोई मतभेद नहीं’

ललन सिंह ने पार्टी में आंतरिक कलह की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि JDU में कोई मतभेद नहीं है और पार्टी एकजुट है. उन्होंने कहा कि समता पार्टी के गठन के समय से ही संगठन में आंतरिक लोकतंत्र, आपसी सहमति और विचार-विमर्श की परंपरा रही है.

उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले नेताओं के आपसी विचार-विमर्श और सहमति से लिए जाते हैं. ललन सिंह का ये बयान पार्टी में अंदरुनी लड़ाई को समान्य दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

JDU के कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे ललन सिंह?

शुक्रवार को पटना स्थित JDU प्रदेश कार्यालय में विधायकों और विधान पार्षदों के लिए एक प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, लेकिन ललन सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई थीं.

शनिवार को ललन सिंह ने पटना में कहा कि वो उस समय गुजरात में थे. उन्हें पटना में आयोजित कार्यक्रम की पहले से जानकारी नहीं थी. कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के बाद कुछ विधायकों ने उन्हें फोन किया था.

इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से बातचीत की. ललन सिंह के मुताबिक, संजय झा ने उन्हें बताया कि यह एक सामान्य कार्यक्रम था. एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी की ओर से भी यह स्पष्ट किया गया था कि कार्यक्रम मुख्य रूप से विधायकों के लिए था.

अनंत सिंह-नीरज विवाद पर जवाब देने से बचे

पत्रकारों ने जब ललन सिंह से पटना स्नातक सीट को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही तनातनी पर सवाल किया तो वो इस मामले पर कुछ बोलने से बचते नजर आये.

ललन सिंह ने कहा कि जिसने जो बात कही है, सवाल उसी से किया जाना चाहिए. उन्होंने पार्टी में निर्णय प्रक्रिया को लेकर कहा कि सभी नेताओं के विचार लिए जाते हैं.

दरअसल, अनंत सिंह ने आगामी MLC चुनाव में नीरज कुमार का समर्थन करने से इनकार करते हुए उनके खिलाफ चुनावी अभियान चलाने की बात कही है. अनंत सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार के समर्थन का भी ऐलान किया है.

अनंत सिंह ने नीरज पर लगाए गंभीर आरोप

विवाद के दौरान अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार ने पहले भी उनके राजनीतिक विरोध में भूमिका निभाई और आरोप लगाया कि उन्हें एक मामले में फंसाने के पीछे भी नीरज की भूमिका थी.

अनंत सिंह ने यह भी कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने मुंगेर सीट से चुनाव लड़ने वाले ललन सिंह का विरोध किया था.

नीरज कुमार का पलटवार

दूसरी ओर, नीरज कुमार भी अनंत सिंह के आरोपों का जवाब लगातार दे रहे हैं. उन्होंने अनंत सिंह को सार्वजनिक तौर पर चुनौती दी है और कहा है कि यदि उनके पास किसी मामले से जुड़े सबूत हैं तो उन्हें अदालत का रुख करना चाहिए. दोनों नेताओं के बीच विवाद अब राजनीतिक आरोपों से आगे बढ़कर व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है.

 ये भी पढ़े :-बिहार MLC चुनाव से पहले JDU में घमासान, अनंत सिंह को नीरज कुमार…

पार्टी ने सुलह की कोशिश की, लेकिन विवाद जारी

अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को खत्म करने के लिए JDU की ओर से बातचीत की कोशिश की गई थी. पार्टी नेताओं ने दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद भी सार्वजनिक बयानबाजी जारी रही.

अब ललन सिंह ने भले ही पार्टी में किसी मतभेद से इनकार किया है, लेकिन पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह और नीरज कुमार के अलग-अलग रुख ने JDU के सामने एक राजनीतिक स्थिति जरूर पैदा कर दी है.

Latest news

Related news