नई दिल्ली। देश की पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने दिल्ली के मौजूदा व पूर्व विधायकों, पार्षदों और एमसीडी के तमाम अधिकारियों की संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक करने की पुरजोर मांग की है। इस बाबत उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और रजिस्ट्रार को एक सार्वजनिक अपील भी भेजी है।
परिवार सहित संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग
किरण बेदी ने संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उनके परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों को भी जनता के सामने लाने की मांग उठाई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और गृह मंत्रालय को टैग करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी में कई ऐसी संपत्तियां हैं जिनके नियमों को ताक पर रखकर संचालित होने का संदेह है। उन्होंने आशंका जताई कि अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी ऐसी अनियमितताएं गंभीर सुरक्षा और कानूनी खतरे पैदा कर सकती हैं।
भाई-भतीजावाद की संस्कृति पर सवाल
इस पूरी स्थिति को वर्षों से चली आ रही भाई-भतीजावाद की संस्कृति से जोड़ते हुए पूर्व आईपीएस ने कहा कि स्थानीय निकायों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का यह प्राथमिक दायित्व है कि वे अपने क्षेत्रों में कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाएं, न कि खुद नियमों का उल्लंघन करें।

