नई दिल्ली। प्रयागराज से नई दिल्ली आ रहे एलायंस एयर के एक विमान का शुक्रवार दोपहर हवा में इंजन फेल हो गया, जिसके बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर उसकी आपात लैंडिंग करानी पड़ी। गनीमत रही कि विमान में सवार चालक दल के सदस्यों समेत सभी 40 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हवा में आई तकनीकी खराबी और आपात लैंडिंग
उड़ान और रूट: एलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई-698 ने दोपहर में प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इससे पहले इसी विमान ने सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचे और वहां से दोपहर 12:33 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।
मेरठ के पास आई दिक्कत: दिल्ली पहुंचने से ठीक पहले मेरठ के आसपास पायलट को विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी का अहसास हुआ।
एटीसी को सूचना और लैंडिंग: पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद दिल्ली हवाईअड्डे पर आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर रनवे पर सुरक्षा टीमें तैनात कर दी गईं। दोपहर करीब 2:15 बजे विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई। एयरलाइन की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है और विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
दो सप्ताह में दूसरी गंभीर घटना
एलायंस एयर के विमानों में तकनीकी खराबी का यह मामला दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार सामने आया है। इससे पहले गत 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची उड़ान संख्या 9आई-613 के साथ भी बड़ा हादसा टल गया था। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर फट गया था, जिससे रनवे पर चिंगारी उठी और तेज घर्षण हुआ। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित रोक लिया गया था और उसमें सवार 37 यात्रियों तथा चार क्रू सदस्यों की जान बच गई थी।

