बाइक पर सवार गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग

गोविंदपुर| अमरपुर के समीप सोमवार शाम मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार 25 वर्षीय कुलसुम आरा की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उनके पति फिरोज अंसारी और दोनों बच्चे—फरहान व चाहत—सुरक्षित बच गए।

चिकित्सक से परामर्श लेकर लौट रहा था परिवार

कुलसुम आरा गर्भवती थीं और स्वास्थ्य जांच के लिए आई थीं। चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद वह अपने परिवार के साथ बाइक से मोहनाद महाराजगंज स्थित अपने निवास स्थान लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर से संतुलन बिगड़ा और कुलसुम सड़क पर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

आक्रोशित परिजनों ने लगाया सड़क जाम

हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों दिशाओं में लगभग छह किलोमीटर लंबा यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद खुला रास्ता

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और स्थानीय प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को व्यक्तिगत रूप से कुल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को अंबेडकर आवास व अन्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने का भरोसा भी दिया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।

Latest news

Related news