नैरोबी। केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो द्वारा टाटा केमिकल्स को देश में अपना परिचालन बंद करने का आदेश दिए जाने के बाद शुक्रवार को कंपनी ने इस पर अपनी औपचारिक प्रतिक्रिया दी है। टाटा केमिकल्स ने स्पष्ट किया कि उसने पूर्वी अफ्रीकी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वह सरकार के साथ लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
‘केन्याई अर्थव्यवस्था में निभाई अहम भूमिका’ – टाटा केमिकल्स
टाटा केमिकल्स की अनुषंगी कंपनी 'टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड' (TCML) अफ्रीका की सबसे बड़ी सोडा ऐश विनिर्माता है। राष्ट्रपति विलियम रूटो द्वारा कंपनी से केन्याई नागरिकों को लाभ न मिलने के बयान पर टाटा समूह ने अपनी स्थिति मजबूत की है।टाटा केमिकल्स ने जोर देकर कहा कि 2005 में मगाडी संयंत्र के अधिग्रहण के बाद से उसने केन्या की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व योगदान दिया है और यह क्षेत्र उसके वैश्विक कारोबार का एक अभिन्न अंग बना हुआ है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह केन्या सरकार के अधिकार का सम्मान करती है और रचनात्मक बातचीत के जरिए सभी कानूनी व नियामकीय मुद्दों को सुलझाना चाहती है।
सरकार के सवालों का दिया विस्तृत जवाब, अगले निर्देश का इंतजार
कंपनी ने बताया कि उसकी अनुषंगी टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड ने खनन परिचालन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेज केन्या के खनन मंत्रालय को सौंप दिए हैं। टीसीएमएल ने मंत्रालय द्वारा उठाए गए सभी सवालों के विस्तृत जवाब दाखिल कर दिए हैं और अब वह सरकार के अगले निर्देशों का इंतजार कर रही है। टाटा केमिकल्स ने अपने कर्मचारियों, स्थानीय मगाडी समुदाय और केन्या के अन्य हितधारकों के कल्याण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।

