Manorama Krishi Rakshak App Launch देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति की ओर से विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने इस एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी बताते हुए संस्था को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से किसानों को कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारियां और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म कृषि क्षेत्र को और मजबूत करने में सहायक हो सकते हैं.
Manorama Krishi Rakshak App Launch: मौसम से फसल रोग की पहचान तक मिलेगी जानकारी
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के जरिए किसानों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है. इसमें रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट, फसल के अनुसार कृषि सलाह, कृषि एवं बाजार से जुड़ी जानकारी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स संबंधी सुविधाएं शामिल हैं.
एप में एआई आधारित फसल रोग पहचान की सुविधा भी दी गई है. इसके माध्यम से किसानों को फसलों में होने वाले रोगों की पहचान और कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है.
स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को भी मिलेगा लाभ
‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है. इसका उद्देश्य किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को उत्पादन से लेकर बाजार तक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है.
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, ताकि तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा सके.
कार्यक्रम में कृषि मंत्री भी रहे मौजूद
एप लॉन्च के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सहित मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत मौजूद रहे.

