बहन की अस्थियां विसर्जित करने आया भाई खारुन नदी में डूबा…

रायपुर। राजधानी रायपुर के महादेव घाट में दर्दनाक हादसा हो गया। बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की खारुन नदी में डूबने से मौत की आशंका है। बताया जा रहा है कि अस्थि विसर्जन के बाद युवक नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस और रेस्क्यू टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग (35) के रूप में हुई है। वह अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जीजा और अन्य परिजनों के साथ महादेव घाट पहुंचा था। परिजनों ने विधि-विधान से अंतिम संस्कार की रस्म पूरी कर बहन की अस्थियां खारुन नदी में विसर्जित कीं। बताया जा रहा है कि अस्थि विसर्जन के बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। नदी में पानी का बहाव तेज होने के साथ ही एनीकट के नीचे भंवर बना हुआ था। युवक देखते ही देखते भंवर की चपेट में आ गया और पानी में डूब गया। युवक को डूबता देख परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में लगातार सर्चिंग कर रही है। एक तरफ परिवार बहन के निधन के गम में अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा था, वहीं इसी दौरान भाई के डूबने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद महादेव घाट में मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
 

Latest news

Related news