राजधानी में रफ्तार का कहर, डिवाइडर तोड़ दूसरी कार से टकराई गाड़ी

नई दिल्ली। देश की राजधानी में रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। इस हादसे में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और कर्नाटक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक समेत कुल छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

आईटीओ के पास तेज रफ्तार में भिड़ीं दो कारें

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात लगभग 9:30 बजे आई.पी. एस्टेट थाना क्षेत्र में आईटीओ के समीप हुआ। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर सुरक्षा रेलिंग पार करते हुए दूसरी दिशा में चली गई और सामने से आ रही इनोवा से जा टकराई।

आप और भाजपा विधायक अस्पताल में भर्ती

इनोवा गाड़ी में किराड़ी से आप विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से भाजपा विधायक अभय पाटिल सवार थे। दुर्घटना में दोनों जनप्रतिनिधियों के अलावा स्विफ्ट कार चला रहे आशुतोष पांडे, उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां फिलहाल डॉक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।

सड़क से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन, जांच जारी

दुर्घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की आगे की जांच कर रही है।

Latest news

Related news