नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड के 4 बड़े नेता, किसे कौन सा पद मिला?

UK Nitin Nabin’s new team नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है. आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी ने संगठन में कई बड़े बदलाव किए हैं. नई टीम में 8 राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिवों समेत कुल 65 नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं. खास बात यह है कि नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड भाजपा के चार बड़े नेताओं को भी जगह मिली है.

भाजपा की नई टीम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी, महेंद्र पांडे और आलोक भट्ट को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. इन नियुक्तियों को उत्तराखंड के लिहाज से पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

UK Nitin Nabin’s new team:उत्तराखंड के नेताओं को कौन सा पद मिला?

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ-साथ पार्टी संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं.

वहीं, महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी संगठन से जुड़े कामकाज में यह पद महत्वपूर्ण माना जाता है.

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल बलूनी को नई टीम में मीडिया संयोजक बनाया गया है. बलूनी इससे पहले पार्टी के मीडिया और संचार से जुड़े महत्वपूर्ण काम संभाल चुके हैं.

इसके अलावा आलोक भट्ट को राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी मिली है. ऐसे में उत्तराखंड के चार नेताओं की नई राष्ट्रीय टीम में मौजूदगी राज्य के संगठनात्मक महत्व को भी दर्शाती है.

भाजपा की नई टीम में 8 राष्ट्रीय महासचिव

भाजपा ने नई राष्ट्रीय टीम में आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए हैं. इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं.

विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है. वहीं, बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे.

13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में बड़े नाम

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इनमें राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी और तीरथ सिंह रावत प्रमुख नाम हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को भी इस पद पर बरकरार रखा गया है।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है.

16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति

भाजपा ने विभिन्न राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए हैं. नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है.

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह मिलने से राज्य की भूमिका राष्ट्रीय संगठन में और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं. 2027  य़ानी अगले साल की शुरुआत में ही होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हुई ये नियुक्तियां पार्टी की संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम है.

Latest news

Related news