BJP New IT Head नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया. संगठन में हुए इस बड़े फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा अमित मालवीय को लेकर है. लंबे समय से बीजेपी के डिजिटल और IT संगठन का प्रमुख चेहरा रहे अमित मालवीय को नई टीम में जगह नहीं मिली है.
बीजेपी ने उनकी जगह दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया है. ताजा रिपोर्टों के मुताबिक म्हस्के को पार्टी के IT सेल की कमान भी दी गई है. यानी बीजेपी ने डिजिटल संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए IT और सोशल मीडिया दोनों की जिम्मेदारी नए नेतृत्व को सौंपी है.
BJP New IT Head :अमित मालवीय को लेकर बड़ा बदलाव
अमित मालवीय पिछले 11 वर्षों से बीजेपी की डिजिटल रणनीति और सोशल मीडिया अभियान का प्रमुख चेहरा रहे हैं. हालांकि, नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में उनका नाम नहीं है. पहले ऐसी जानकारी सामने आई थी कि मालवीय IT इंचार्ज बने रह सकते हैं लेकिन 17 अगस्त 2026 को जारी नई नियुक्तियों के मुताबिक उन्हें IT सेल प्रमुख की जिम्मेदारी से भी हटा दिया गया है. उनकी जगह दीपक म्हस्के को यह जिम्मेदारी मिली है.
कौन हैं दीपक म्हस्के?
दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ से जुड़े बीजेपी नेता हैं और संगठन में लंबे समय से काम कर रहे हैं. महस्के का बैकग्राउंड केमिस्ट्री प्रोफेसर और चुनावी डेटा विश्लेषण से जुड़ा रहा है. महस्के की नियुक्ति को भाजपा के डिजिटल रणनीति में डेटा, तकनीक और चुनावी विश्लेषण पर बढ़ते फोकस के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले महीनों में होने वाले चुनावों को देखते हुए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
सोशल मीडिया टीम में भी नए चेहरे
दीपक म्हस्के के साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है. इससे पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को राज्यों और अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूत करने की कोशिश का संकेत मिलते हैं.
ये भी पढ़े :-
मीडिया टीम में भी बदलाव
बीजेपी ने मीडिया विभाग में भी जिम्मेदारियां तय की हैं. अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है. वहीं आशीष अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. इस तरह नई टीम में IT, सोशल मीडिया और मीडिया के बीच जिम्मेदारियों का नया ढांचा तैयार किया गया है.

