घर में हुई इंटीमेट शादी, अब होगी बड़ी पार्टी? जॉर्जिना ने खोला राज

दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो आखिरकार अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड, स्पेनिश सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं। बीते 11 अगस्त को इस कपल ने पुर्तगाल के खूबसूरत शहर कास्काइस में एक बेहद निजी समारोह में सात फेरे लिए। इसी के साथ दोनों की दस साल पुरानी मोहब्बत आखिरकार मुकम्मल हो गई है। इस प्राइवेट सेरेमनी में चुनिंदा करीबी दोस्तों के अलावा उनके पांचों बच्चे भी मौजूद रहे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद अब यह कपल जल्द ही एक भव्य पार्टी देने की योजना बना रहा है।

रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी का पहला वीडियो आया सामने

तकरीबन एक दशक तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद आखिरकार रोनाल्डो और जॉर्जिना ने शादी कर ली है। मशहूर फैशन मैगजीन 'वोग' (Vogue) ने इस बहुप्रतीक्षित शादी का पहला आधिकारिक वीडियो जारी कर दिया है, जिसमें रोनाल्डो और जॉर्जिना पारंपरिक दूल्हा-दुल्हन के लिबास में बेहद खूबसूरत नजर आ रहे हैं। इस खास मौके पर उनके सभी पांच बच्चे—अलाना मार्टिना, बेला एस्मेराल्डा, क्रिस्टियानो जूनियर, ईवा और माटेओ—भी उनके साथ मौजूद थे।

कपल के मुताबिक, उन्होंने दुनिया भर की चकाचौंध से दूर पहले अपने घर पर बच्चों के बीच बेहद अंतरंग माहौल में शादी करने का फैसला किया, ताकि वे इस पल को पूरी तरह से जी सकें। इसके बाद वे अपने शुभचिंतकों के लिए एक ग्रैंड पार्टी सेलिब्रेट करेंगे।

आखिर क्यों चुनी गई घर के लिविंग रूम की जगह?

गत 16 अगस्त को 'वोग' में प्रकाशित अपने इंटरव्यू में कपल ने इस अनोखे वेडिंग वेन्यू के पीछे की वजह साझा की। उन्होंने अपने घर के लिविंग रूम में ही शादी की रस्में पूरी कीं। इस बारे में बात करते हुए जॉर्जिना ने कहा कि उन्होंने अपने घर के उस लिविंग रूम को चुना जहां वे रोजाना साथ बैठकर नाश्ता, लंच और डिनर करते हैं और अपनी असल जिंदगी जीते हैं।

जॉर्जिना ने भावुक होते हुए कहा, "मैं चाहती हूं कि आज से 30 साल बाद हमारे बच्चे सोचें कि इस डाइनिंग टेबल पर कुछ बेहद जादुई हुआ था, यहीं हमारे माता-पिता ने एक-दूसरे को जिंदगीभर का साथ निभाने की कसमें दी थीं।" वहीं, रोनाल्डो ने मजाकिया अंदाज में कहा, "शायद तब तक वह टेबल वहां न रहे, हो सकता है कि हम आने वाले समय में घर की सजावट बदल दें।"

बचपन के सपनों से बिल्कुल अलग थी शादी

इंटरव्यू के दौरान जॉर्जिना ने अपने बचपन के सपनों और आज की सोच के बीच का अंतर भी खुलकर बताया। उन्होंने कहा, "जब मैं छोटी बच्ची थी, तो बड़े-बड़े महलों, शाही बग्घियों, खूबसूरत गाउन और डायमंड क्राउन (ताज) के सपने देखा करती थी। लेकिन अब मुझे समझ आ गया है कि उन सबका कोई मतलब नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा, "अब मैं कहती हूं कि मुझे ऐसा कुछ चाहिए जो बेहद निजी हो, जिसमें सिर्फ मेरा हमसफर और हमारे बच्चे शामिल हों और जो हमारे अपने घर में हो। महल, आलीशान घर, प्राइवेट आइलैंड, घोड़े और गाड़ियां तो वैसे भी हमारी पहुंच में हैं, लेकिन जो पल पूरी तरह निजी और अपनेपन से भरे हों, उनका मोल दुनिया की हर चीज से बढ़कर है।"

Latest news

Related news