Sukhbir Singh Badal Attacked नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हमला किया गया. घटना उस समय हुई जब बादल परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक निहंग ने कथित तौर पर कृपाण से उन पर वार किया. हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. उनके सुरक्षा घेरे में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है. घटना की पुष्टि पीटीआई के हवाले से प्रकाशित रिपोर्टों में हुई है.
VIDEO | Maharashtra: Shiromani Akali Dal president Sukhbir Singh Badal has been taken to a hospital after he was reportedly attacked inside a Gurudwara in Nanded. More details awaited.
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) pic.twitter.com/RvZkrc0nNv
— Press Trust of India (@PTI_News) August 13, 2026
Sukhbir Singh Badal Attacked:बहस के दौरान हुआ हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर बहस के बाद हमलावर ने सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किया, हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है. अभी तक पुलिस की ओर से हमले के पीछे किसी निश्चित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
घटना के तुरंत बाद सुखबीर बादल को अस्पताल पहुंचाया गया. उनके एक सुरक्षा अधिकारी के भी घायल होने की खबर है. दोनों का उपचार कराया जा रहा है.
नांदेड़ पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया
हमले के बाद नांदेड़ पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला किस वजह से हुआ और इसमें आरोपी की क्या भूमिका थी.
फिलहाल पुलिस की जांच शुरुआती चरण में है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का सामने आना बाकी है.
गुरुद्वारे में दर्शन के लिए पहुंचे थे सुखबीर बादल
सुखबीर सिंह बादल नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान यह घटना हुई। गुरुद्वारा परिसर में हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
2024 में भी हुआ था सुखबीर बादल पर हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर भी हमला हुआ था. उस समय वह अकाल तख्त द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की भूमिका निभा रहे थे.
एक हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया था. गोली सुखबीर बादल को नहीं लगी थी. हमलावर की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई थी.
नांदेड़ की ताजा घटना ने एक बार फिर सुखबीर बादल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है और हमले की पूरी वजह सामने आने का इंतजार है.

