Rahul Gandhi RSS नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दिए बयान से देश की सियासत में नई बहस छिड़ गई है. राहुल गांधी ने कहा कि अगर किसी दिन RSS की अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने या उसे देश से बाहर करने की कोशिश की गई, तो वह RSS के लोगों के अभिव्यक्ति के अधिकार की भी रक्षा करेंगे.
छोटे-छोटे कारोबारियों की ताकत RSS थी, जिन्हें RSS ने ही नोटबंदी करके धोखा दे दिया और गलत GST लाकर ख़त्म कर दिया।
RSS में कॉर्पोरेट इंजेक्शन की शुरुआत प्रमोद महाजन ने की थी और फिर ऐसा ही नरेंद्र मोदी ने किया।
Narendra Modi completed the corporatisation of the RSS. The original… pic.twitter.com/z4oSnhFj1O
— Congress (@INCIndia) August 13, 2026
राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और संगठन को अपनी बात रखने की आजादी होनी चाहिए. उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा.
Rahul Gandhi RSS :‘RSS की अभिव्यक्ति की आजादी की भी रक्षा करूंगा’
राहुल गांधी ने कहा, “जिस दिन RSS की अभिव्यक्ति को देश से बाहर करने की कोशिश शुरू हुई, उस दिन मैं उनकी भी रक्षा करूंगा, क्योंकि उनकी भी अभिव्यक्ति की आजादी है.”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी की आवाज को दबाना नहीं है. उनका कहना था कि देश में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अपनी विचारधारा व्यक्त करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि उनका संदेश साफ है कि किसी को बोलने से नहीं रोका जाना चाहिए और सभी को फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन मिलना चाहिए.
जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का किया जिक्र
राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छात्र अपनी बात रखना चाहते थे. उनके मुताबिक, छात्र परेशान हैं और अपनी समस्याएं सामने रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें ऐसा करने से रोका जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर व्यवस्था बनाए रखने की बात समझ में आती है, लेकिन लोगों को अपनी बात रखने से रोकना उचित नहीं है.
राहुल गांधी ने एक महिला का भी जिक्र किया, जो कथित तौर पर अपनी बेटी के साथ हुई घटना को लेकर अपनी बात रखना चाहती थी. राहुल गांधी ने कहा कि महिला की बेटी के साथ चार साल पहले उत्तराखंड में दुष्कर्म हुआ था और उसकी हत्या कर दी गई थी. उन्होंने कहा कि वह महिला रो रही थी और अपनी बात रखना चाहती थी, लेकिन सिस्टम उसे बोलने की अनुमति नहीं दे रहा था.
‘भारत अपने आपको Express करने से नहीं रुकेगा’
राहुल गांधी ने कहा कि अब सरकार को समझ आ गया है कि भारत के लोग अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने कहा कि देश में बहुत से लोग डर की वजह से अपनी बात खुलकर नहीं कह पा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि भारत को केवल हजारों साल पुराने इतिहास के नजरिए से समझने के बजाय आज के भारत को समझने की जरूरत है.
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोगों के पास अपनी बात कहने का अधिकार है और इस अधिकार को दबाया नहीं जा सकता.
पीएम मोदी और अमित शाह पर भी साधा निशाना
रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम बहुत सरल है और वे सरकार को लगातार चुनौती देंगे. राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि “हम इनको पागल कर देंगे.”
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात में नहीं सोते हैं और इसके कई कारण हैं. अमित शाह का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें कभी चाणक्य और कई अन्य नामों से संबोधित किया जाता था, लेकिन वे गायब हो गए और करीब 20 दिन तक संसद में नहीं आ पाए.
राहुल गांधी ने कहा कि अब सरकार को समझ में आ गया है कि देश के लोग अपनी बात रखने से नहीं रुकेंगे.
अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर फिर गरमाई सियासत
राहुल गांधी के इस बयान के बाद RSS, अभिव्यक्ति की आजादी, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और सरकार की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है. राहुल गांधी ने एक ओर RSS की विचारधारा से राजनीतिक असहमति जताने वाले कांग्रेस के रुख के बीच उसके अभिव्यक्ति के अधिकार की रक्षा की बात कही, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया. अब राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी और RSS की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है.

