Tai Tugung देहरादून : अरुणाचल प्रदेश के चर्चित रंगकर्मी, अभिनेता, नाटककार और हिंदी शिक्षक ताई तुगुंग इन दिनों खास चर्चा में है. उत्तराखंड में उन्हें वर्ष 2026 के नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से नवाजा गया है. तुगुंग ने लोक रंगमंच और क्षेत्रीय सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है. उनकी फिल्म ‘संगी माई’ का प्रदर्शन फ्रांस के प्रतिष्ठित कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी हो चुका है.
Tai Tugung को मिला विशेष संस्कृति सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में वरिष्ठ लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के 78वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित तीसरे सम्मान समारोह में शिरकत की.
उत्तराखंड लोक समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने अरुणाचल प्रदेश के रंगकर्मी ताई तुगुंग को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान-2026 प्रदान किया. सम्मान के रूप में उन्हें 2.51 लाख रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किया गया.
नरेन्द्र सिंह नेगी को बताया पर्वतीय समाज की धड़कन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नरेन्द्र सिंह नेगी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नाम पर दिया जाने वाला सम्मान अब हिमालयी राज्यों के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक सम्मानों में शामिल होता जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र सिंह नेगी के गीत पर्वतीय समाज के दिल की धड़कन बन चुके हैं. मुख्यमंत्री ने हिमालयी राज्यों की भाषाओं, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए आपसी संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
वहीं, लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि इस सम्मान समारोह के माध्यम से उन्हें अरुणाचल प्रदेश की संस्कृति और सभ्यता को करीब से जानने का अवसर मिला.
कौन हैं ताई तुगुंग?
ताई तुगुंग अरुणाचल प्रदेश की न्यीशी भाषा के प्रमुख फिल्म अभिनेता, रंगकर्मी और नाटककारों में शामिल हैं. वे ईस्ट कामेंग जिले के एक सरकारी महाविद्यालय में हिंदी के सहायक आचार्य के रूप में भी कार्यरत हैं.
तुगुंग को न्यीशी के साथ-साथ हिंदी, असमिया और अंग्रेजी भाषाओं का ज्ञान है. पिछले करीब दो दशक से वह रंगमंच और क्षेत्रीय सिनेमा से जुड़े हुए हैं.
उन्होंने कई चर्चित नाटकों और फिल्मों में अभिनय किया है. लोक रंगमंच और क्षेत्रीय सिनेमा को व्यापक पहचान दिलाने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया है.
‘संगी माई’ का कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ प्रदर्शन
ताई तुगुंग की चर्चित फिल्म ‘संगी माई’ का प्रदर्शन फ्रांस के कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी हो चुका है. इससे अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्रीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली.
तुगुंग ‘द केरेटर्स’ नाट्य संस्था के संस्थापक भी हैं. अपने अभिनय, लेखन और रंगमंच के माध्यम से वह पूर्वोत्तर भारत की लोक संस्कृति और भाषाई विरासत को व्यापक मंच देने का काम कर रहे हैं.
नरेन्द्र सिंह नेगी के 40 गीतों का अंग्रेजी अनुवाद
कार्यक्रम के दौरान उत्कर्ष भट्ट द्वारा नरेन्द्र सिंह नेगी के 40 गीतों के अंग्रेजी अनुवाद पर आधारित पुस्तक ‘मेलोडीज ऑफ नरेन्द्र नेगी’ का विमोचन भी किया गया.
समारोह में इंद्रजीत सिंह नेगी, शिव प्रसाद सेमवाल, दिग्विजय सिंह, डॉ. नवीन बलूनी और गणेश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
क्यों खास है ताई तुगुंग को मिला सम्मान?
ताई तुगुंग को दिया गया यह सम्मान केवल एक कलाकार का सम्मान नहीं, बल्कि अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के बीच सांस्कृतिक संवाद का भी प्रतीक माना जा रहा है. पूर्वोत्तर की न्यीशी संस्कृति से लेकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं तक, दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को मंच देने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

