गुजरात से यूपी तक भ्रष्टाचार ? अखिलेश यादव ने आनंदी बेन का पकड़ा बयान,’डबल इंजन’ को बताया ‘ट्रबल इंजन’

Akhilesh Yadav लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश और गुजरात की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के गोरखपुर विश्वविद्यालय में दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा का तथाकथित ‘डबल इंजन’ मॉडल अब ‘ट्रबल इंजन’ बन चुका है.

Akhilesh Yadav ने आनंदीबेन पटेल के बयान को बनाया मुद्दा

गुरुवार को गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों की स्थिति पर चिंता जताई थी. उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों तक नशीले पदार्थ पहुंच रहे हैं. साथ ही उन्होंने हॉस्टलों में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए.

राज्यपाल ने बताया कि उन्होंने स्वयं गर्ल्स हॉस्टल का निरीक्षण किया, जहां भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली. इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को नमूने लेने के निर्देश दिए. उन्होंने यह भी कहा कि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसलिए लखनऊ में भी नमूनों की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट संबंधित कुलपति को भेजी जाएगी.

अखिलेश यादव ने एक्स पर साझा किया वीडियो

राज्यपाल के इस बयान के बाद अखिलेश यादव ने उनके संबोधन का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि ‘गोरखपुर मॉडल’ की पोल खुलते-खुलते ‘गुजरात मॉडल’ की घपलेबाजी भी सामने आ गई है.

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और गुजरात दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और दोनों जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है. उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के बीच आपसी टकराव ने ‘डबल इंजन’ सरकार को ‘ट्रबल इंजन’ में बदल दिया है.

गुजरात का भी किया जिक्र

अपने बयान में अखिलेश यादव ने गुजरात का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां भी जांच और सैंपलिंग में गड़बड़ी की बातें सामने आती रही हैं. उन्होंने कहा कि जब राज्यपाल को स्वयं यह कहना पड़ रहा है कि सैंपलिंग में किसी तरह का खेल न हो, तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

भाजपा ने किया पलटवार

अखिलेश यादव के आरोपों के कुछ ही घंटों बाद भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से जवाब दिया. भाजपा ने एक तुलनात्मक पोस्टर जारी करते हुए समाजवादी पार्टी सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना की.

पोस्ट में दावा किया गया कि सपा शासन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और 18 महीनों में 28 दंगे हुए थे. वहीं भाजपा ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर, डाटा कॉरिडोर, बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं के लिए जाना जाता है।

भाजपा ने अपने संदेश में कहा कि जिस प्रदेश में कभी दंगे, माफिया और कुशासन की चर्चा होती थी, आज वहां निवेश, आधारभूत ढांचे और औद्योगिक विकास की गूंज सुनाई दे रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बिना किसी का नाम लिये पूर्ववर्ती सरकार पर जम कर निशाना साधा.

सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज

राज्यपाल के बयान के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब सपा और भाजपा के बीच नए राजनीतिक टकराव का कारण बन गया है. एक ओर सपा इसे भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार से जोड़ रही है, तो दूसरी ओर भाजपा अपने शासनकाल की उपलब्धियों को सामने रखकर विपक्ष के आरोपों को खारिज कर रही है.

आने वाले दिनों में यह मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में और अधिक गर्मा सकता है, क्योंकि दोनों दल इसे जनता के बीच अपने-अपने राजनीतिक नैरेटिव को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं.

Latest news

Related news