पटना में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा, बस समेत 5 गाड़ियां फूंकीं; पुलिस और मीडिया पर पथराव

Patna Accident :पटना में शुक्रवार (7 अगस्त) को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए. बाईपास थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने बस समेत कई वाहनों में आग लगा दी.

Patna Accident : हादसे के बाद हाईवे पर मचा हंगामा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दमकल की टीम भी नहीं बुझा सकी आग

बस में लगी आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के विरोध के चलते दमकलकर्मियों को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा. हालात इतने तनावपूर्ण थे कि पुलिस को भी शुरुआती समय में पीछे हटना पड़ा.

बस के अलावा 4-5 अन्य वाहन भी फूंके

गुस्साई भीड़ ने केवल बस ही नहीं, बल्कि आसपास खड़े चार से पांच अन्य वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया. इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव किए जाने की भी सूचना सामने आई है. हिंसा के कारण नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाने की कोशिश की गई.

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. सड़क हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं हिंसा, आगजनी और पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है.

Latest news

Related news