Commonwealth Games Weightlifting रायपुर : छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की खबर है. राज्य की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम में किया गया है. भारतीय भारोत्तोलन महासंघ (IWLF) ने 11 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है. ज्ञानेश्वरी महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.
कॉमनवेल्थ गेम्स 23 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होंगे. इससे पहले भारतीय टीम 28 जून से इंग्लैंड के बर्मिंघम में विशेष प्रशिक्षण और अनुकूलन (Acclimatisation) शिविर में हिस्सा ले रही है, जो 22 जुलाई तक चलेगा.
Commonwealth Games Weightlifting: एशियन चैंपियनशिप में बनाया था राष्ट्रीय रिकॉर्ड
ज्ञानेश्वरी यादव ने हाल ही में गांधीनगर में आयोजित 2026 एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने महिलाओं के नए 53 किलोग्राम वर्ग में स्नैच स्पर्धा में 88 किलोग्राम वजन उठाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और रजत पदक अपने नाम किया.
उन्होंने कुल 194 किलोग्राम (स्नैच और क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर ओवरऑल कांस्य पदक भी जीता थ. इस प्रदर्शन के बाद उनका चयन कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए लगभग तय माना जा रहा था.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन
ज्ञानेश्वरी यादव इससे पहले 2024 IWF विश्व वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप (बहरीन) में 49 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जहां उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया था.
वर्ष 2023 उनके करियर का सबसे सफल साल रहा. उन्होंने कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. इसके साथ ही उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट जूनियर लिफ्टर भी चुना गया था.
इसी वर्ष उन्होंने जूनियर एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक तथा IWF वर्ल्ड यूथ एवं जूनियर चैंपियनशिप में भी कई पदक जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया.
ज्ञानेश्वरी पुलिस विभाग में हैं ASI
ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं. वहीं भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ी और पद्मश्री सम्मानित मीराबाई चानू भी इस टीम का हिस्सा हैं. मीराबाई मणिपुर पुलिस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर कार्यरत हैं.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम
महिला वर्ग:
- मीराबाई चानू (48 किग्रा)
- ज्ञानेश्वरी यादव (53 किग्रा)
- बिंद्यारानी देवी (58 किग्रा)
- हरजिंदर कौर (69 किग्रा)
- संजना (77 किग्रा)
- मार्टिना देवी (+86 किग्रा)
पुरुष वर्ग:
- ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा)
- एम. राजा (65 किग्रा)
- अजय बाबू (79 किग्रा)
- दिलबाग सिंह (94 किग्रा)
- लवप्रीत सिंह (+110 किग्रा)
ज्ञानेश्वरी यादव से देश और छत्तीसगढ़ को इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक की बड़ी उम्मीदें हैं। उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए खेल विशेषज्ञ मान रहे हैं कि वह ग्लासगो में भारत के लिए पदक जीतने की प्रबल दावेदार हैं.

