CM Yogi Plantation Drive 2026 गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी 35 करोड़ पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ किया. ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे स्थित भगवानपुर टोल प्लाजा के पास नीम, पीपल और बरगद की पवित्र त्रिवेणी का पौधरोपण किया और बाद में ताल रिंग रोड पर मौलश्री का पौधा भी लगाया.
VIDEO | Uttar Pradesh: Chief Minister Yogi Adityanath launched ‘Vriksharopan Mahayagya-2026’ plantation drive in Gorakhpur. pic.twitter.com/jKFMZom2k1
— Press Trust of India (@PTI_News) July 12, 2026
CM Yogi Plantation Drive 2026 :‘पौधरोपण धरती माता के प्रति कृतज्ञता का महायज्ञ’
गीडा सेक्टर-28 में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महायज्ञ है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का राष्ट्रीय संकल्प है.
वनाच्छादन बढ़ने से करोड़ों टन कार्बन डाइऑक्साइड का हुआ अवशोषण
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ वनाच्छादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. उनके अनुसार, इस अवधि में प्रदेश के बढ़े हुए वन क्षेत्र ने 6.37 करोड़ टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण और 4.63 करोड़ टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्सर्जन किया है. उन्होंने कहा कि एक पेड़ सैकड़ों टन कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने की क्षमता रखता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण करना चाहिए.
पर्यावरण असंतुलन से बदल रहा मौसम चक्र
सीएम योगी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर कृषि पर साफ दिखाई दे रहा है. बारिश में देरी से किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है और उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक कमी आने की आशंका रहती है. उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और समुद्री तटीय शहरों पर बढ़ते खतरे का भी उल्लेख किया.
प्रकृति से खिलवाड़ की कीमत चुका रही दुनिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई, जल स्रोतों का दोहन और तालाबों पर अतिक्रमण जैसी गतिविधियों के कारण पर्यावरण संकट गहराया है. उन्होंने कहा कि कई शहरों में सर्दियों के दौरान गैस चैंबर जैसी स्थिति बनना इसी असंतुलन का परिणाम है.
LED स्ट्रीट लाइट और ग्रीन एनर्जी पर भी जोर
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में 16 लाख एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं, जिससे सरकार को लगभग 100 करोड़ रुपये की बचत हुई .उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना, सौर ऊर्जा, उज्ज्वला योजना और अयोध्या को प्रदेश की पहली सोलर सिटी बनाने जैसी पहलों का भी उल्लेख किया.
किसानों को मिला कार्बन क्रेडिट का प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के तहत बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने वाले किसानों को प्रमाण-पत्र वितरित किए. साथ ही मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को सहजन के पौधे भी भेंट किए.
‘हरित गाथा’ फिल्म और वानिकी कैलेंडर का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म तथा ‘वानिकी कैलेंडर 2026-27’ का विमोचन किया. कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद रविकिशन शुक्ल, मंत्री संजय निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

