हापुड़ में सीलबंद पानी की बोतल में निकला तेजाब! घूंट पीते ही बिगड़ी युवती की हालत,अस्पताल में भर्ती

Hapur Acid in Water Bottle : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक सीलबंद पानी की बोतल में कथित तौर पर पानी की जगह तेजाब जैसा खतरनाक तरल पदार्थ मिलने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवती ने जैसे ही पानी समझकर बोतल से दो घूंट पीया, उसकी  तबीयत बिगड़ गई. उसे गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Hapur Acid in Water Bottle:जेवर खरीदने गई थी युवती,पानी पीते ही बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर निवासी रिया अपनी मां अंजना राघव के साथ एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थी. इस दौरान प्यास लगने पर सर्राफ ने पास के एक जनरल स्टोर से ठंडी और सीलबंद पानी की बोतल मंगवाई. आरोप है कि रिया ने जैसे ही बोतल से दो घूंट पानी पिया, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे उल्टियां होने लगीं और हालत तेजी से खराब होने लगी. परिजन उसे तुरंत मेरठ के अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में देखा जा सकता है कि युवती बोतल खोलकर पानी पीती है और कुछ ही सेकेंड बाद बेचैन होकर वहां से निकलने लगती है. उसकी अचानक बिगड़ती हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों को बोतल में मौजूद तरल पदार्थ पर संदेह हुआ.

बोतल में पानी नहीं, तेजाब जैसा पदार्थ होने का दावा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बोतल में मौजूद तरल पदार्थ को जमीन पर डाला गया तो उसमें से तेजाब जैसी तेज गंध आने लगी और झाग बनने लगा. बताया जा रहा है कि फर्श पर भी उस तरल का तेजाब जैसा असर दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

जनरल स्टोर संचालिका रेनू अग्रवाल ने बताया कि एक बच्चा उनकी दुकान से सीलबंद पानी की बोतल लेकर गया था. उन्होंने वही बोतल डीप फ्रीजर से निकालकर दी थी. बाद में लोगों ने आकर बताया कि बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा पदार्थ था. उन्होंने कहा कि उनकी दुकान पर तेजाब की बिक्री नहीं होती और सीलबंद बोतल देखकर किसी को भी शक नहीं हुआ.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. सर्राफ, जनरल स्टोर संचालिका और पानी की बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ की जा रही है. साथ ही, घटना के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है. बोतल में मिले संदिग्ध तरल पदार्थ को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बोतल में वास्तव में कौन-सा पदार्थ था और यह घटना कैसे हुई. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है.

Latest news

Related news