PM Narendra Modi Indonesia Visit जकार्ता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो देशों के विदेश दौरे के पहले चरण में मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे,जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘इंडोनेशिया गणराज्य के बिंटांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित करने की घोषणा की. इसके साथ ही भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग को नई ऊंचाई देते हुए ब्रह्मोस मिसाइलों की आपूर्ति संबंधी महत्वपूर्ण समझौते पर भी हस्ताक्षर किए गए.
#WATCH | Jakarta: Indonesia President Prabowo Subianto conferred the country’s highest honour ’Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia’ medal of honour upon PM Narendra Modi
The Bintang Adipurna of the Republic of Indonesia “Medal of Honour’ is the highest honour in the… pic.twitter.com/7U6ZgbGxuz
— ANI (@ANI) July 7, 2026
PM Narendra Modi Indonesia Visit : ‘यह सम्मान 140 करोड़ भारतवासियों का है’
सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इस गर्मजोशी भरे स्वागत और सर्वोच्च सम्मान के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो के आभारी हैं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों, भारत और इंडोनेशिया के बीच ऐतिहासिक मित्रता तथा दोनों देशों की साझा भावनाओं का सम्मान है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भारत के गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति प्रबोवो मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए थे और अब उनके निमंत्रण पर इंडोनेशिया आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है.
भारत-इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदारी को मिली नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2018 में शुरू हुई व्यापक रणनीतिक साझेदारी अब नए दौर में प्रवेश कर रही है. दोनों देश विकास, रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और आर्थिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
उन्होंने विश्वास जताया कि आज से भारत और इंडोनेशिया के संबंधों का एक नया स्वर्णिम अध्याय शुरू होगा, जो पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता को मजबूत करेगा.
ब्रह्मोस मिसाइल डील बनी सबसे बड़ी उपलब्धि
दौरे की सबसे अहम उपलब्धि भारत और इंडोनेशिया के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति को लेकर हुए समझौते को माना जा रहा है.यह समझौता दोनों देशों के रक्षा संबंधों को नई मजबूती देगा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सामरिक सहयोग को भी बढ़ाएगा.
इसके अलावा दोनों देशों ने रक्षा आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन, समुद्री सुरक्षा और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई.
रक्षा और समुद्री सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ता विश्वास रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बना रहा है. दोनों देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से मिलकर निपटने और साझा हितों की रक्षा के लिए सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया है.
विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रह्मोस मिसाइल समझौता भारत की रक्षा निर्यात नीति के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है और इससे दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की रणनीतिक मौजूदगी और मजबूत होगी.





