खान सर विवाद मामले में रौशन आनंद को मिली जमानत,12 दिन बाद जेल से आएंगे बाहर

Roshan Anand Bail पटना: बिहार के बहुचर्चित खान सर कोचिंग विवाद में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद सर को बड़ी राहत मिली है. पटना के अतिरिक्त जिला जज (ADJ 33) की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद रौशन आनंद को नियमित जमानत (Regular Bail) दे दी है. खान सर के ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तारी के बाद रौशन आनंद पिछले 12 दिनों से पटना की बेउर जेल में बंद थे.

Roshan Anand Bail:वकील की दमदार दलीलें और कोर्ट का फैसला

सुनवाई के दौरान रौशन आनंद सर के वकील ने अदालत के सामने दमदार पक्ष रखा. उन्होंने कोर्ट को बताया कि इस पूरे विवाद और हमले के मामले में रौशन आनंद को एक सोची-समझी साजिश के तहत घसीटा गया है,जबकि इस घटना से उनका कोई सीधा संबंध नहीं है. बचाव पक्ष के वकील ने कहा:

“रौशन सर देश के प्रतिष्ठित शिक्षक हैं जो हजारों गरीब बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं. उन्हें इस तरह जेल में रखना न्यायसंगत नहीं है. खान सर ने शातिर दिमाग लगाकर रौशन आनंद सर को फंसाया है.”

अदालत ने पुलिस डायरी की समीक्षा करने और बचाव पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद रौशन आनंद को नियमित जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी कर दिया.

एक तरफ राहत, दूसरी तरफ दुखों का पहाड़: भाई प्रिंस की संदिग्ध मौत

कानूनी मोर्चे पर मिली इस बड़ी राहत के बीच रौशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. कल ही रौशन आनंद सर के सगे भाई प्रिंस यादव की पड़ोसी देश नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रिंस की मौत की वजह ब्रेन हेमरेज बताई जा रही है.

इस दुखद खबर के बाद से रौशन आनंद का पूरा परिवार और उनके छात्र गहरे सदमे में हैं. भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल से लाया जा रहा है और आज ही उनका दाह संस्कार होना है. जेल से रिहा होने के बाद रौशन आनंद सीधे अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचेंगे.

खान सर ने जारी किया वीडियो संदेश

इस बीच, खान सर ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख जताया है. खान सर ने कहा कि प्रिंस की मौत की खबर सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. अपने वीडियो में खान सर ने प्रिंस के एक दोस्त का बयान भी दिखाया है. दोस्त के मुताबिक, प्रिंस की तबीयत पहले से खराब चल रही थी और उसकी मौत सामान्य रूप से बीमारी के कारण हुई है, इसमें किसी भी तरह की साजिश नहीं है.

Latest news

Related news