देहरादून में पानी के झगड़े ने ली युवक की जान,आरोपी के घर चला बुलडोजर

BJP worker M’urder देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में पानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के दौरान हुए हमले में एक बीजेपी कार्यकर्ता की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया. घटना से नाराज लोगों ने आरोपी पक्ष के घरों पर हमला कर दिया और आगजनी की. प्रशासन ने भी आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की है.

BJP worker M’urder:पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शनिवार को गांव के सरकारी ट्यूबवेल से पानी लेने को लेकर इलाके के युवक विनोद, राजेश और अशोक का गांव के पूर्व प्रधान इस्तिपाक के भतीजे इम्तियाज से विवाद हो गया . शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया.

बताया गया है कि विवाद के दौरान रज्जाक, अमन, यूनूस और अनीस समेत 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर धारदार हथियारों तथा हथौड़ों से हमला कर दिया.

हमले में बीजेपी कार्यकर्ता की मौत

हमले में 43 वर्षीय विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. विनोद भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं.

इस हमले में उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

मौत की खबर के बाद भड़का आक्रोश

बीजेपी कार्यकर्ता की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपी पक्ष के घरों की ओर बढ़ गए.

आरोप है कि गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घरों पर पथराव किया और बाद में एक घर को आग के हवाले कर दिया. आगजनी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

घटना के बाद प्रशासन ने आरोपी पक्ष के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की. इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है. प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने गांव की गलियों से लेकर प्रेमनगर-पांवटा पुराने हाईवे तक जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की.

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई

संवेदनशील माहौल को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

जांच जारी

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी. फिलहाल बैरागीवाला गांव में माहौल तनावपूर्ण है लेकिन  शांति बनी हुई है.

Latest news

Related news