काशी में महाकुंभ! केंद्र के 12 साल पूरे होने पर PM मोदी के क्षेत्र पहुंच रहे CM योगी, योजनाओं की होगी बौछार

CM Yogi Varanasi Visit : मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उ वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं का ‘महाकुंभ’, आज शाम पहुंचेंगे CM योगी आदित्यनाथ

वाराणसी। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास और जनकल्याण का बड़ा उत्सव मनाया जा रहा है। योगी सरकार इस मौके पर विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए एक विशेष ‘जनकल्याण शिविर’ का आयोजन कर रही है। इस भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार (12 जून) की शाम वाराणसी पहुंच रहे हैं।

बता दें कि वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और 2017 में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बागडोर संभालने के बाद से राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार ने विकास की गति को बुलेट ट्रेन की रफ्तार दी है। जनहित से जुड़ी योजनाओं ने सीधे लाभार्थियों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव किया है।

चौकाघाट में सजेगा योजनाओं का मेला, CM बांटेंगे स्वीकृति पत्र

शुक्रवार शाम को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा एक विशाल प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद मौजूद रहेंगे और स्ट्रीट वेंडर्स व विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे।

इसके बाद, मुख्यमंत्री के बाबा काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेने की भी संभावना है।

BHU में ‘विज्ञान भारती’ के राष्ट्रीय अधिवेशन में होंगे मुख्य अतिथि

अपने दौरे के दूसरे दिन यानी शनिवार (13 जून) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में आयोजित ‘विज्ञान भारती’ के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वैदिक विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय महाधिवेशन में देश-विदेश से लगभग 1,200 प्रतिनिधि जुट रहे हैं। इसमें नामचीन वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के विशेषज्ञ शामिल होकर मंथन करेंगे।

‘एक जनपद एक व्यंजन’ और ODOP स्टॉल्स का लगेगा तड़का

सांस्कृतिक संकुल में लगने वाली इस प्रदर्शनी में सरकार के करीब दो दर्जन विभागों (जैसे कृषि, पर्यटन, महिला कल्याण, कौशल विकास आदि) के स्टॉल तो होंगे ही, साथ ही बनारस का खास स्वाद भी बिखरेगा।

  • एक जनपद एक व्यंजन: इसके तहत बनारस की मशहूर लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और बनारसी पान का प्रदर्शन किया जाएगा।

  • एक जिला एक उत्पाद (ODOP): काशी के प्रसिद्ध लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के बेहतरीन उत्पादों को भी दुनिया के सामने रखा जाएगा।

ऑन-स्पॉट हेल्थ चेकअप और आयुष्मान सहायता

मेले में आने वाले आम लोगों के स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहाँ विशेष इंतजाम किए गए हैं:

  • ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग: महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात रहेगी।

  • विशेषज्ञ डॉक्टर: दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड, अस्थि रोग, नेत्र परीक्षण और ईएनटी (ENT) विशेषज्ञ मौके पर मुफ्त परामर्श देंगे।

  • आयुष्मान भारत: अपात्र से पात्र बनने या कार्ड संबंधी जानकारी के लिए आयुष्मान मित्र और आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की तैनाती की गई है।

Latest news

Related news