‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा यूपी: नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए CM योगी

Niti Aayog Meeting , लखनऊ/नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद (Governing Council) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस उच्च स्तरीय बैठक में देश के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सार्थक और विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया और राज्य का पक्ष रखा.

बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर इस संबंध में जानकारी साझा की.

Niti Aayog Meeting:’विकसित भारत @ 2047′ थीम पर हुआ मंथन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस बार की बैठक ‘विकसित भारत @ 2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ की थीम पर केंद्रित थी. उन्होंने लिखा, “बैठक में मानव विकास, सुशासन (Good Governance) और जनभागीदारी को विकास की धुरी बनाकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति देने पर सार्थक विमर्श हुआ.”

हर नागरिक का सशक्तीकरण यूपी का आधार

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की चर्चा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश भी देश के विकास में अपना बड़ा योगदान दे रहा है. यूपी आज प्रत्येक नागरिक के सशक्तीकरण को विकास का मुख्य आधार बनाकर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभा रहा है.

बैठक में मौजूद रहे कई दिग्गज

नीति आयोग की इस 11वीं शासी परिषद की बैठक में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए. बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान और मनसुख मण्डाविया समेत कई अन्य गणमान्य नेता मौजूद रहे.

Latest news

Related news