दिल्ली में आधी रात 70kmph की आंधी से बदला मौसम, 22 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, बिहार में वज्रपात से 10 की मौत

Heavy Rain Alert : देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मानसून लगातार दक्षिण भारत से उत्तर की ओर बढ़ रहा है जिसके कारण उत्तर भारत और पूर्वी भारत में  प्री-मानसून की गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार आधी रात को दिल्ली-NCR और हरियाणा के कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली, गरज के साथ बारिश भी हुई,  जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है.

इसके साथ ही मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 22 राज्यों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Heavy Rain Alert:बिहार पहुंचा मानसून, वज्रपात से 10 लोगों ने गंवाई जान

मानसून की ‘बे ऑफ बंगाल’ (बंगाल की खाड़ी) वाली ब्रांच गुरुवार को बिहार में दाखिल हो गई है. इसके प्रभाव से राज्य के 12 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई. हालांकि, इस दौरान एक दुखद खबर भी सामने आई. राज्य में बिजली गिरने (वज्रपात) की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 3 दिनों के भीतर मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में भी दस्तक देने की पूरी संभावना है.

मानसून ट्रैकर: 4 जून को केरल में एंट्री करने के बाद मानसून महज 8 दिनों में देश के 17 राज्यों तक पहुंच चुका है। हालांकि, मुंबई में इस बार मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी बनी हुई है।

अल नीनो (El Nino) को लेकर अमेरिकी मौसम एजेंसी की बड़ी चेतावनी

वैश्विक मौसम को प्रभावित करने वाले ‘अल नीनो’ को लेकर अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक:

  • प्रशांत महासागर के गर्म होने से अल नीनो की शुरुआत हो चुकी है.

  • अनुमान है कि यह साल 1997 में आए रिकॉर्ड तोड़ अल नीनो जितना या उससे भी अधिक शक्तिशाली हो सकता है.

  • इस बात की 63% आशंका है कि साल के अंत तक यह 1950 के बाद के सबसे खतरनाक अल नीनो का रूप ले लेगा.

राज्यों में मौसम का हाल: कहीं आंधी-बारिश, कहीं हीटवेव का टॉर्चर

गुजरात को छोड़कर इस समय देश के लगभग सभी राज्यों में प्री-मानसून एक्टिव है. इसके बावजूद 11 राज्यों के कई शहरों में पारा अब भी 40°C के पार बना हुआ है.

राज्य / शहरअधिकतम तापमानमौसम का हाल
बठिंडा (पंजाब)46.2°Cदेश में सबसे गर्म शहर रहा
श्रीगंगानगर (राजस्थान)44.6°Cआंधी के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि
झांसी (उत्तर प्रदेश)43.4°Cयूपी के 65 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
वर्धा (महाराष्ट्र)44.5°Cकोंकण और गोवा में उमस भरा मौसम
खजुराहो (मध्य प्रदेश)43.0°Cमानसून 17-18 जून तक आने का अनुमान
  • राजस्थान और पंजाब: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से शुक्रवार को भी राजस्थान के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. चूरू और जैसलमेर में तापमान 44 से 46°C के बीच दर्ज किया गया.

  • मध्य प्रदेश: प्रदेश में मानसून की एंट्री में 4 दिन की देरी हो सकती है. अब इसके 17-18 जून तक पहुंचने की उम्मीद है. सिवनी और दतिया में बारिश हुई है, जबकि ग्वालियर में पारा 42°C रहा.

  • उत्तर प्रदेश: यूपी में प्री-मानसून पूरी तरह एक्टिव है. मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में ओले गिरने और 65 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.

  • साउथ इंडिया: तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट है, जहां पारा 45°C तक जा सकता है. वहीं, कर्नाटक और केरल में समुद्र की ओर से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

Latest news

Related news