कांग्रेस ने शुरु की उत्तराखंड फतह की तैयारी ,4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में भरेंगे हुंकार,देहरादून में लगेगी नेताओं की  क्लास

Rahul Gandhi Uttarakhand Visit : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 और 5 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. पार्टी सूत्रों के अनुसार यह दौरा केवल जनसभाओं तक सीमित नहीं होगा, बल्कि संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में भी अहम साबित हो सकता है.

Rahul Gandhi Uttarakhand Visit:अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 4 जून को कुमाऊं क्षेत्र के अल्मोड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे. इस सभा के जरिए कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जनता के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी.

पौड़ी में पूर्व सैनिकों से करेंगे मुलाकात

अल्मोड़ा की जनसभा के बाद राहुल गांधी शाम को पौड़ी पहुंचेंगे, जहां वह पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों और उनकी मांगों पर चर्चा होने की संभावना है.

देहरादून में कांग्रेस नेताओं के साथ होगी महत्वपूर्ण बैठक

राहुल गांधी 4 जून की रात देहरादून में रुकेंगे. इसके बाद 5 जून को वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक करेंगे. इस बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और चुनावी रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के अलावा महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई (NSUI) और सेवादल के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

कुमारी शैलजा कर रही हैं दौरे की मॉनिटरिंग

राहुल गांधी के इस महत्वपूर्ण दौरे की तैयारियों की निगरानी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कर रही हैं। उनके साथ सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा भी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति

कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रहा है. इसी रणनीति के तहत पार्टी लगभग 200 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है. इसके अलावा लंबे समय से लंबित प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी राहुल गांधी के दौरे के बाद किए जाने की संभावना जताई जा रही है.

गुटबाजी खत्म कर एकजुटता पर फोकस

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड में आंतरिक गुटबाजी को समाप्त कर संगठन को एकजुट करने की दिशा में काम कर रहा है. माना जा रहा है कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और पार्टी को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह चुनावी मोड में लाने में मदद करेगा.

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा संदेश

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है. अल्मोड़ा की जनसभा और देहरादून की संगठनात्मक बैठक के जरिए पार्टी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने और भाजपा को चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रही है.

Latest news

Related news