LPG से पेट्रोल-डीजल तक…फूटने वाला है महंगाई बम, कल से लागू होंगे 5 बड़े बदलाव

Rule Change From 1st June : आज मई का आखिरी दिन है और कल से जून का महीना शुरू होने जा रहा है. पहली तारीख यानी 1 जून 2026 से देश में कई बड़े फाइनेंशियल बदलाव (Rule Change From 1st June) लागू होने वाले हैं. इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी की जेब और घर के बजट पर पड़ेगा.

Rule Change From 1st June:पेट्रोल डीजल और एलपीजी के दाम बढ़ने से बढेगी परेशानी

जहां एक तरफ रसोई गैस के दामों में बदलाव की संभावना है, वहीं पेट्रोल-डीजल पर नया निर्यात शुल्क भी लागू होने जा रहा है. इसके अलावा कार खरीदने वालों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.

आइए नजर डालते हैं कल से होने वाले ऐसे ही 5 बड़े बदलावों पर…

1. एलपीजी सिलेंडर को लेकर दो बड़े बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करती हैं मिडिल ईस्ट संकट के कारण पिछले कुछ महीनों में सिलेंडर के दाम बढ़े थे. वर्तमान में दिल्ली में 14 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये और 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 2,078 रुपये में मिल रहा है. कल सुबह इसकी नई कीमतें जारी होंगी.

इसके साथ ही, यदि आपके पास पीएनजी (PNG) और एलपीजी (LPG) दोनों कनेक्शन हैं, तो आपको एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा. सरकार ने साफ किया है कि दोनों कनेक्शन साथ रखने वालों के रसोई सिलेंडर कनेक्शन कैंसिल किए जा सकते हैं. ऐसे घरों की पहचान करने का काम 1 जून से शुरू हो रहा है.

2. पेट्रोल, डीजल और हवाई ईंधन पर नया निर्यात शुल्क (Petrol-Diesel Export Duty)

1 जून से हवाई ईंधन यानी एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF Price) की कीमतों में भी संशोधन होगा, जिससे हवाई सफर की लागत प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा वेस्ट एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के निर्यात पर नया शुल्क लागू करने का फैसला किया है.

सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 जून 2026 से पेट्रोल के निर्यात पर 1.5 रुपये प्रति लीटर, डीजल पर 13.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.5 रुपये प्रति लीटर का नया निर्यात शुल्क (Petrol-Diesel New Export Duty) प्रभावी हो जाएगा.

3. HDFC Bank ने बदले कैश डिपॉजिट के नियम

यदि आपका खाता एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) में है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. 1 जून 2026 से बैंक करंट अकाउंट समेत अन्य खातों के लिए छोटे नोट और सिक्कों के कैश डिपॉजिट पर नई लिमिट और चार्ज लागू करने जा रहा है.

नए नियमों के मुताबिक, 20 रुपये या उससे कम मूल्य के नोटों को जमा करने की मंथली लिमिट 10,000 रुपये तय की गई है. वहीं सिक्कों के लिए यह लिमिट 5,000 रुपये प्रति माह होगी. इस तय लिमिट से ज्यादा कैश जमा करने पर ग्राहकों को 2 फीसदी का एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा.

4. सोलर पैनल से जुड़ा नया नियम लागू (Solar Panel ALMM List)

सोलर पैनल लगवाने की सोच रहे लोगों को भी 1 जून से झटका लग सकता है. कल से सोलर पैनल के लिए अप्रूव्ड मॉडल और मैन्युफैक्चरर लिस्ट (ALMM List-II) अनिवार्य होने जा रही है.

अब सभी सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल किया जा सकेगा, जो इस लिस्ट में शामिल होंगे. क्वालिटी को बेहतर करने के लिए उठाए गए इस कदम के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सोलर पैनल की कीमतें (Solar Panel Price) बढ़ सकती हैं.

5. मारुति की कारें खरीदना हुआ महंगा (Maruti Suzuki Price Hike)

अगर आप नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो कल से आपको अपनी जेब और ज्यादा ढीली करनी होगी. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) की कारें 1 जून से महंगी होने जा रही हैं.

कंपनी ने पहले ही कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था, जो कल से लागू हो रहा है. इसके बाद ऑल्टो से लेकर ब्रेजा और इनविक्टो जैसी कारें महंगी हो जाएंगी. कंपनी के अनुसार, अलग-अलग मॉडलों के आधार पर कारों की कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जा रही है.

Latest news

Related news