आजम खान को फिर लगा बड़ा झटका,रामपुर कोर्ट ने सुनाई 2 साल की सजा

Azam Khan Convicted : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को एक बार फिर से अदालत से बड़ा कानूनी झटका लगा है. रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए विवादित बयान के मामले में उन्हें दोषी करार देते हुए 2 साल के कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने इसके साथ ही उन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है.

Azam Khan Convicted:चुनाव प्रचार के दौरान दिये बयान पर हुई सजा

यह मामला 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर के भोट थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था. आरोप था कि चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित एक जनसभा में आजम खान ने तत्कालीन जिलाधिकारी (डीएम) के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की थी. उनके बयान को प्रशासनिक गरिमा के खिलाफ बताते हुए अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई थी. इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

क्या कहा था आजम खान ने?

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आजम खान ने कहा था— “सब डटे रहो, यह कलेक्टर-पलेक्टर से मत डरियो. यह तनखैया है और तनखैयों से नहीं डरते. देखे हैं कई मायावती के फोटो, कैसे बड़े-बड़े अफसर रूमाल निकालकर जूते साफ कर रहे हैं. उन्हीं से गठबंधन है, उन्हीं के जूते साफ कराऊंगा इनसे, अल्लाह ने चाहा.”

इस बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी विवाद खड़ा हो गया था.

गवाहों और सबूतों के आधार पर कोर्ट का फैसला

पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कई गवाह पेश किए और बयान दर्ज कराए. अभियोजन पक्ष का तर्क था कि आजम खान ने सार्वजनिक मंच से सरकारी अधिकारी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया.

राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

कोर्ट के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के भीतर और विपक्षी दलों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला आने वाले समय में आजम खान की राजनीतिक रणनीति और सपा की स्थिति को प्रभावित कर सकता है.

पहले से कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं आजम खान

गौरतलब है कि आजम खान पहले से ही कई कानूनी मामलों का सामना कर रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में उनके खिलाफ दर्ज कई मामलों में अदालतों में लगातार सुनवाई होती रही है. ऐसे में रामपुर कोर्ट का यह फैसला उनके लिए एक और बड़ा कानूनी झटका माना जा रहा है.

अभी कहां है आजम खान ?

आपको बता दें कि आजम खान इस समय रामपुर जिला जेल में कैद हैं.नवंबर 2025 में फर्जी/दोहरे PAN कार्ड मामले में रामपुर कोर्ट ने उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान को 7-7 साल की सजा सुनाई थी. इससे पहले सितंबर 2025 में वे सीतापुर जेल से 23 महीने के बाद जमानत पर रिहा हुए थे, लेकिन PAN कार्ड केस में सजा के बाद वापस जेल चले गए.

Latest news

Related news