UP में कुदरत का कहर: आंधी-तूफान से 94 मौतें, 80kmph की रफ्तार में उड़ा युवक; कई राज्यों में रेड अलर्ट

Heatwave Alert UP Storms  :उत्तर प्रदेश में बुधवार का दिन काल बनकर आया. प्रयागराज और अयोध्या समेत प्रदेश के 30 जिलों में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 94 लोगों की मौत की खबर है. सबसे अधिक प्रभावित प्रयागराज रहा जहां 17 लोगों की जान गई, वहीं भदोही में 16 लोगों की मौत हुई. हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया. आंधी के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे वाहनों और पशुधन को भी भारी नुकसान पहुँचा है.

Heatwave Alert : जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर,रेड अलर्ट जारी

मरुधरा में सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है. जैसलमेर लगातार चौथे दिन 46.1°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर बना रहा. मौसम विभाग (IMD) ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भीषण गर्मी का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. वहीं, राज्य के 13 अन्य जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटों में 8 जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई.

मध्य प्रदेश: खजुराहो में पारा 45°C के पार, ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी

मध्य प्रदेश के आधे से ज्यादा जिले इस समय लू (Heatwave) की चपेट में हैं. बुधवार को खजुराहो 45.4°C के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इन इलाकों में न सिर्फ दिन में लू चलेगी, बल्कि रातें भी गर्म रहने (Warm Night) की संभावना जताई गई है. यह स्थिति 18 मई तक जारी रह सकती है.

बिहार और अन्य राज्यों का हाल: कहीं बारिश तो कहीं उमस

एक तरफ उत्तर भारत गर्मी से तप रहा है, वहीं बिहार के 7 जिलों (पूर्णिया, कटिहार आदि) में तेज बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ है. यहां 50 kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हरियाणा के नारनौल में तापमान 42.5°C रिकॉर्ड किया गया, यहाँ 17 मई से हीटवेव का ‘यलो अलर्ट’ है. उत्तराखंड और झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.

आगामी दिनों का पूर्वानुमान
  • 15 मई: राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में हीटवेव. बिहार और केरल में बिजली गिरने की आशंका.

  • 16 मई: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी में धूल भरी आंधी और बारिश. पहाड़ी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल) में ओलावृष्टि की संभावना.

Latest news

Related news