Vijay Astrologer OSD : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने एक बड़े राजनीतिक विवाद के बाद अपने ज्योतिषी, पंडित रिकी राधा वेत्रीवेल को ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के पद से हटा दिया है. यह कार्रवाई नियुक्ति के महज 24 घंटे के भीतर की गई है.
Vijay Astrologer OSD:नियुक्ति पर क्यों मचा बवाल?
मंगलवार को जैसे ही सीएम विजय ने पंडित रिकी राधा को मुख्यमंत्री कार्यालय में OSD नियुक्त किया, वैसे ही उनकी सरकार के भीतर और गठबंधन सहयोगियों में नाराजगी फैल गई. TVK के प्रतिद्वंद्वी खेमों और सहयोगी दलों ने इस फैसले को ‘अंधविश्वास’ को बढ़ावा देने वाला बताया.
सहयोगी दलों ने दिखाए तीखे तेवर
सरकार को समर्थन दे रहे गठबंधन दल VCK, CPIM और CPI ने इस नियुक्ति की खुलकर आलोचना की. बुधवार को फ्लोर टेस्ट से पहले VCK विधायक वाणी अरसु ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि प्रशासन को अंधविश्वास के बजाय साइंटिफिक और लॉजिकल सोच पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.
24 घंटे के अंदर नियुक्ति रद्द
राजनीतिक दबाव और भारी आलोचना को देखते हुए सीएम विजय ने बैकफुट पर आते हुए नियुक्ति रद्द करने का फैसला लिया. सरकार के प्रधान सचिव द्वारा जारी एक पत्र में आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई कि पंडित रिकी राधा की OSD पद पर नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है.
मुख्यमंत्री विजय के इस फैसले को अपनी छवि बचाने और गठबंधन को एकजुट रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने तमिलनाडु की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.

