दिल्ली-नोएडा में बदला मौसम,दिन में छाया अंधेरा, कई इलाकों में आंधी के साथ आई तेज बारिश

DELHI-NCR Weather  नई दिल्ली/नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को गुरुवार दोपहर कुदरत ने बड़ी राहत दी. दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि देखते ही देखते आसमान में काली घटाएं छा गईं और दिन में ही अंधेरा हो गया. फिर नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश भी हुई.

DELHI- NCR Weather : सड़कों पर जलानी पड़ी हेडलाइट

दोपहर के वक्त जब लोग चिलचिलाती धूप की उम्मीद कर रहे थे, तब धूल भरी आंधी और काले बादलों ने सूरज को पूरी तरह ढक लिया. अंधेरा इतना अधिक था कि सड़कों पर चल रहे वाहनों को अपनी हेडलाइट जलानी पड़ी. नोएडा और गाजियाबाद के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है.

गाजियाबाद में ओलावृष्टि से बढ़ी ठंडक

दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिला. यहाँ बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में ओले भी गिरे. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी इस बारिश से बड़ी राहत मिली है. हालांकि, अचानक आए इस बदलाव से राहगीरों को थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन तापमान में गिरावट ने चेहरे पर मुस्कान ला दी है.

दिल्ली के तापमान में भारी गिरावट

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.4°C दर्ज किया गया. अन्य केंद्रों का हाल कुछ ऐसा रहा:

  • लोधी रोड: 23.6°C

  • पालम: 24.9°C

  • रिज: 25.0°C

  • अयानगर: 24.1°C

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36°C के आसपास रहने का अनुमान है.

अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लिए राहत की यह खबर अभी जारी रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक इसी तरह रुक-रुक कर आंधी चलने और हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गरज के साथ छींटे पड़ने और धूल भरी आंधी का दौर बना रह सकता है, जिससे पारा नियंत्रण में रहेगा.

Latest news

Related news