पटना : तमिलनाडु में हिंदी भाषी या फिर बिहार के लोगों पर हमले का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. प्रशांत किशोर इस मामले को लगातार उठा रहे हैं. पहले उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर विधानसभा में झूठ बोला है. आज उन्होंने तमिलनाडु के एक स्थानीय नेता के भाषण का वीडियो ट्वीट किया है.
तमिल नेता लोगों को हिंसा के लिए भड़का रहा है
वीडियो में “नाम तमिलर काची” यानी NTK पार्टी के प्रमुख सेंथामिझन सीमान लोगों को हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसा के लिए भड़का रहे हैं. वे कह रहे हैं कि “हिंदी भाषी लोग बदहवासी में अपना सामान पैक करके यहां से भागेंगे. मुझे नहीं पता, मैं कितनों को पीटूंगा. एक हफ्ते के अंदर वे अपना सामान बांध लेंगे.”
सेंथामिझन सीमान पर कब होगी कार्रवाई
प्रशांत किशोर ने इस वीडियो के साथ अंग्रेजी में एक कैप्शन लिखा है, और कहा है कि “जिन लोगों ने नफरत और हिंसा फैलाने के लिए फेक वीडियो का इस्तेमाल किया, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन इससे वो लोग दोष मुक्त नहीं हो जाते जो खुलेआम तमिलनाडु में हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसा के लिए लोगों को भड़का रहे हैं. सेंथामिझन सीमान के इस भड़काऊ बयान पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?”
पीके ने किया ट्वीट
प्रशांत किशोर ने ये वीडियो अपने ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया है जिसमें पीके दावा कर रहे हैं कि वो तमिल नेता स्थानीय भाषा में लोगों को हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसा के लिए भड़का रहा है.अभी तक किसी ने इस वीडियो की सत्यता की जांच नहीं की है लेकिन चूंकि ये वीडियो प्रशांत किशोर ने ट्वीट किया है इसलिए माना जा रहा है कि ये वीडियो फेक नहीं होगा. इसके बावजूद इस वीडियो की सत्यता का दावा नहीं किया जा सकता है.
All those who used fake videos to incite hate & violence must be dealt with as per the law.
But this doesn’t absolve those who’re openly calling for violence against #Hindi speaking people in #TN
Why no action against likes of @SeemanOfficial for their vitriolic utterances? pic.twitter.com/vyu2EkjBQu
— Prashant Kishor (@PrashantKishor) March 10, 2023

