Sonia Gandhi Hospitalized : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया की तबीयत खराब होने के चलते केरल का अपना तय दौरा रद्द कर दिया है. अब राहुल की जगह कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव वाले राज्य केरल का दौरा करेंगे.
Sonia Gandhi Hospitalized : सर गंगाराम अस्पातल में भर्ती
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात (24 मार्च 2026) को सोनिया गांधी को अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के Sir Ganga Ram Hospital में भर्ती कराया गया. फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
हालत स्थिर, लेकिन निगरानी जारी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन चेस्ट मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं. अभी तक अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है. इस कठिन समय में परिवार पूरी तरह उनके साथ है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अस्पताल में मौजूद हैं और डॉक्टरों से लगातार अपडेट ले रहे हैं.
पहले भी रही हैं सांस संबंधी समस्याएं
79 वर्षीय सोनिया गांधी को पहले भी सांस से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. पिछले साल जनवरी में उन्हें ब्रॉन्कियल अस्थमा के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. इसके अलावा जून में शिमला जाते समय भी उनकी तबीयत बिगड़ी थी. उम्र और दिल्ली के प्रदूषण का असर उनके स्वास्थ्य पर लगातार देखा गया है.
चुनावी कार्यक्रमों पर असर
केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राहुल गांधी का दौरा बेहद अहम माना जा रहा था. कोझीकोड समेत कई जगहों पर उनकी रैलियां और बैठकें प्रस्तावित थीं लेकिन मां की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए. अब उनकी जगह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे केरल का दौरा करेंगे.
फिलहाल सोनिया गांधी दिल्ली में हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पूरी जानकारी का इंतजार है.

