बांका – कहते हैं शिक्षा है अनमोल रतन,पढ़ने का सब करो जतन… कुछ ऐसे ही विचारों को मानने और उसपर अमल करने वाली एक जीवट महिला हैं चांदन की रुकमणी. चान्दन एमएमकेजी इंटर कॉलेज में चल रहे मैट्रिक (10th) परीक्षा के दूसरे दिन एक चौकाने वाला मामला सामने आया. एक महिला जो 10वीं की परीक्षा दे रही थी , उसने परीक्षा से केवल 2 घंटा पूर्व एक बच्चे को जन्म दिया.महिला का प्रसव चांदन अस्पताल में हुआ.

बच्चे को जन्म दने वाली रुक्मणी कुमारी अंबेडकर आवासीय हाई स्कूल कटोरिया की छात्रा है.14 फरवरी को गणित की परीक्षा देने के बाद उसे रात में प्रसव पीड़ा होने लगी, तब परिवार वालों ने उसे चांदन के अस्पताल में एडमिट कराया. चिकित्सक की देखरेख में 15 फरवरी बुधवार को सुबह 6:00 बजे उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के बाद परजनों ने कहा कि अब रुकमणी परीक्षा कैैसे दोगी, परीक्षा देने ना जाये लेकिन रुक्मणी परीक्षा देने की बात पर अड़ी रही. डॉक्टर और परिजनों ने काफी समझाया लेकिन रुकमणी नहीं मानी और वह परीक्षा में शामिल होकर विज्ञान की परीक्षा दी. रुकमणी मां बन कर गर्व महसूस कर रही है. वहीं अब परिवार के लोग परीक्षा के बाद पार्टी की तैयारी में है.
परिवार वालों का कहना है कि उन्हें रुकमणी पर गर्व है. रुक्मणी का कहना है कि वो और पढ़ लिख कर आगे नौकरी करना चाहती है.

