राज्यसभा के लिए MP से बड़ा चेहरा तलाश रही BJP? हरदीप पुरी और वैज्ञानिक के नाम की चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा और इसी दिन वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। मुरुगन का यह कार्यकाल दो अप्रैल 2030 तक था। वर्तमान में प्रदेश की कुल 11 राज्यसभा सीटों में से नौ पर भाजपा और दो पर कांग्रेस का कब्जा है।

दिल्ली से तय होगा उम्मीदवार, कई नामों पर चर्चा

राज्यसभा भेजे जाने वाले चेहरे पर अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ही लगाई जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश इकाई से दो नामों का पैनल मांगा जा सकता है। इस रेस में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सबसे आगे चल रहा है, जिनका उत्तर प्रदेश कोटे से मौजूदा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन और मद्रास आईआईटी के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटि के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। इसके साथ ही किसी शीर्ष सेवानिवृत्त नौकरशाह या उद्योगपति को भी मैदान में उतारे जाने की अटकलें हैं।

संभावित चेहरों का राजनीतिक और पेशेवर परिचय

  • वानथी श्रीनिवासन: पेशे से मद्रास हाईकोर्ट की वकील वानथी श्रीनिवासन तीन दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़ी हैं। वह 2020 से 2026 तक भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही हैं और वर्तमान में आंध्र प्रदेश भाजपा की सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कोयंबटूर दक्षिण सीट से कड़े मुकाबले में अभिनेता कमल हासन को पराजित किया था।

  • प्रोफेसर वी. कामकोटि: भारत के पहले स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर 'शक्ति' के मुख्य आर्किटेक्ट और पद्म श्री से सम्मानित कंप्यूटर वैज्ञानिक वी. कामकोटि वर्तमान में आईआईटी मद्रास के निदेशक हैं। वर्ष 2025 में उनके एक बयान और गत जुलाई में केंद्र सरकार द्वारा गठित पेपर लीक विरोधी उच्चस्तरीय टास्क फोर्स में उनकी नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा और विरोध देखने को मिला था।

  • हरदीप सिंह पुरी: केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी को मध्य प्रदेश के कोटे से संसद के उच्च सदन में भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि, हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और विपक्षी नेताओं द्वारा जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में उनकी तस्वीरों का हवाला देकर सवाल उठाए जाते रहे हैं, जिसके चलते इस उम्मीदवारी को लेकर राजनीतिक हलकों में बहस भी छिड़ी हुई है।

उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम

  • अधिसूचना जारी होना: 26 अक्टूबर

  • नामांकन की अंतिम तिथि: 02 नवंबर

  • संवीक्षा (स्क्रूटिनी): 03 नवंबर

  • नाम वापसी की अंतिम तारीख: 05 नवंबर

  • मतदान और मतगणना: 12 नवंबर

Latest news

Related news