मीम्स और वीडियो से विपक्ष पर निशाना, ‘दिमागी नक्सल’ को लेकर BJP का डिजिटल अटैक

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के गठन के बाद संगठन के साथ-साथ पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया विंग में भी नई सक्रियता देखने को मिल रही है। भाजपा के सोशल मीडिया कन्वीनर दीपक म्हस्के की टीम ने एक अनूठी रणनीति अपनाते हुए देशभर के अलग-अलग राज्यों के आधिकारिक एक्स (X) और इंस्टाग्राम हैंडल्स को आपस में जोड़कर (क्रॉस-प्रमोशन व कोलैबोरेशन) राजनीतिक अभियान शुरू किया है।

राज्यों के हैंडल्स के बीच दिखा कोलैबोरेशन

बीते कुछ दिनों से भाजपा के विभिन्न प्रादेशिक हैंडल्स एक-दूसरे के पोस्ट को कोट, रीट्वीट और कोलैबोरेट कर रहे हैं। इस डिजिटल अभियान में बॉलीवुड व हॉलीवुड फिल्मों के प्रसिद्ध क्लिप्स, मीम्स और व्यंग्यात्मक वीडियो के जरिए विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है।

अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर भाजपा के हैंडल से हुई, जिसमें सलमान खान, संजय दत्त और जैकी श्रॉफ के एक वीडियो क्लिप का इस्तेमाल कर विभिन्न राज्यों की भाजपा इकाइयों को दिखाया गया। इसके जवाब में मध्य प्रदेश और दिल्ली भाजपा जैसे हैंडल्स ने भी पंकज त्रिपाठी समेत अन्य अभिनेताओं के चर्चित संवादों और मीम्स के साथ प्रतिक्रिया दी।

कंटेंट की रीच बढ़ाने और बहु-राज्यीय मुद्दों को साधने का प्रयास

पार्टी के सोशल मीडिया रणनीतिकारों के अनुसार, इस कोलैबोरेशन का मुख्य उद्देश्य एक राज्य के फॉलोअर्स तक दूसरे राज्य के राजनीतिक संदेशों को पहुंचाना है। इससे उन राजनीतिक मुद्दों को ज्यादा व्यापक स्तर पर उठाया जा सकता है, जिनका असर एक से अधिक राज्यों पर पड़ता है—जैसे दिल्ली भाजपा द्वारा पंजाब सरकार या आम आदमी पार्टी को घेरना।

'दिमागी नक्सल' के नैरेटिव पर हमला और इंस्टाग्राम पर विस्तार की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में इस्तेमाल किए गए 'दिमागी नक्सल' शब्द को भी भाजपा सोशल मीडिया पर प्रमुखता से भुना रही है। पार्टी हॉलीवुड-बॉलीवुड फिल्मों के सीन को एडिट कर इस नैरेटिव के जरिए विपक्ष की मानसिकता पर तंज कस रही है।

ट्विटर (X) के बाद अब भाजपा इस आक्रामक और क्रिएटिव अभियान को इंस्टाग्राम पर भी बड़े पैमाने पर ले जाने की तैयारी में है। इसके लिए "Shall we begin" टीजर जारी कर विभिन्न राज्य इकाइयों को टैग किया गया है। आने वाले समय में मीम्स, शॉर्ट वीडियो और क्रिएटिव पोस्ट्स के जरिए भाजपा का सोशल मीडिया कैंपेन और अधिक धारदार नजर आ सकता है।

Latest news

Related news