ग्रैंड कैन्यन में बाढ़ का खौफनाक मंजर, 62 लोगों का रेस्क्यू; 15 लापता

ग्रैंड कैन्यन | अमेरिका के प्रसिद्ध ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में शनिवार को अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद लगभग 15 लोगों के लापता होने की खबर सामने आई है। इस अचानक आई बाढ़ ने पार्क के ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच जैसे प्रमुख इलाकों को बुरी तरह अपनी चपेट में ले लिया है। नेशनल पार्क सर्विस के अनुसार, उफनता पानी अपने साथ भारी बोल्डर (बड़े पत्थर), धातु के विशाल ढांचे और अन्य मलबा बहाकर सीधे कोलोराडो नदी में ले गया है।

पुल बहे और बदला इलाके का भूगोल

अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ब्राइट एंजेल क्रीक में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ आ गई। यह नाला आगे जाकर कोलोराडो नदी में मिलता है। पानी के तेज बहाव ने इस नाले पर बने कई पैदल पुलों को नेस्तनाबूद कर दिया है, जिससे पूरे इलाके का स्वरूप ही बदल गया है। सामने आए वीडियो में नाले का तल पहले की तुलना में काफी चौड़ा नजर आ रहा है और वहां नदी की तेज धाराओं का एक नया हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है।

यूटा स्टेट यूनिवर्सिटी में 'सेंटर फॉर कोलोराडो रिवर स्टडीज' के निदेशक जैक श्मिट ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह इस बात की याद दिलाती है कि ग्रैंड कैन्यन कितना गतिशील और परिवर्तनशील भू-दृश्य है।

कैंपग्राउंड में फसे यात्री और कैसे आई बाढ़?

बाढ़ के दौरान ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड में मौजूद एरिका वियोला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शनिवार दोपहर जब बारिश शुरू हुई, तो वह वहीं मौजूद थीं। उनके साथ करीब 50 अन्य पैदल यात्री भी थे जिन्होंने नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ते देखा। कुछ ही देर में पानी के साथ भारी मलबा बहने लगा, जिसमें एक इमारत का हिस्सा भी बहता हुआ दिखाई दिया। गनीमत यह रही कि इस समूह को समय रहते हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थान पर एयरलिफ्ट कर लिया गया, हालांकि इस आपदा के कारण उनका अभियान दो दिन पहले ही समाप्त करना पड़ा।

फ्लैगस्टाफ में राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी जस्टिन जॉन्ड्रो ने बताया कि इस पहाड़ी और चट्टानी इलाके में महज 30 मिनट के भीतर आधा से एक इंच तक भारी बारिश हो गई थी। इस क्षेत्र में जमीन अत्यधिक ऊंचाई से नीचे की तरफ ढलान पर है, जिसके कारण बारिश का अधिकांश पानी बिना रुके सीधे नीचे की तरफ बह निकला। यह बाढ़ ग्रैंड कैन्यन के उत्तरी हिस्से में आई, जहाँ ब्राइट एंजेल क्रीक नॉर्थ रिम से उतरकर कोलोराडो नदी में मिलती है, और इस दौरान लगभग 6,000 फीट (लगभग 1,828 मीटर) की ऊंचाई का बड़ा अंतर आता है।

62 लोग सुरक्षित निकाले गए, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेशनल पार्क सर्विस एरिजोना के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर लापता लोगों की तलाश और राहत कार्यों में जुटी है। एजेंसी ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि यदि उनके पास लापता लोगों या वहां फंसे यात्रियों के बारे में कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत साझा करें। रविवार सुबह तक फैंटम रैंच क्षेत्र से कुल 62 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। फैंटम रैंच में ऐतिहासिक कैंटीन और ठहरने के लिए कमरे बने हुए हैं, और यह कोलोराडो नदी में राफ्टिंग करने वालों के लिए एक मुख्य बेस कैंप माना जाता है। अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी गरज के साथ भारी बारिश जारी रह सकती है, जिससे अचानक बाढ़, मलबे का सैलाब आने, चट्टानें खिसकने और पगडंडियों के धंसने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रैंच और नॉर्थ कैबाब ट्रेल के कुछ हिस्सों को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि कोलोराडो नदी पर होने वाली सभी राफ्टिंग यात्राओं को भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

Latest news

Related news