Science City Dehradun : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रस्तावित साइंस सिटी परियोजना को पूरा करने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है. परियोजना के लिए आवश्यक अतिरिक्त धनराशि में से 14 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है.
केंद्र की ओर से अतिरिक्त फंडिंग मिलने से साइंस सिटी परियोजना के काम में तेजी आने की उम्मीद है. यह परियोजना प्रदेश के विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान, प्रयोग और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
Science City Dehradun : करीब 39 करोड़ रुपये की है गैप फंडिंग
जानकारी के मुताबिक, साइंस सिटी देहरादून परियोजना के लिए करीब 39 करोड़ रुपये की गैप फंडिंग की जरूरत है. इसमें केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से लगभग 14 करोड़ रुपये और उत्तराखंड सरकार/यूकोस्ट की ओर से करीब 25 करोड़ रुपये का हिस्सा शामिल होगा.
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि परियोजना की समीक्षा बैठक में सामने आए निष्कर्षों के आधार पर मंत्रालय ने केंद्रीय हिस्से के तौर पर 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है.
नए और जरूरी घटकों पर खर्च होगी राशि
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय की ओर से दी जाने वाली अतिरिक्त धनराशि नए और अनिवार्य परियोजना घटकों की लागत से संबंधित है. पत्र के अनुसार, इस राशि को भी मूल परियोजना में निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप 60:40 के अनुपात में राज्य सरकार के साथ साझा किया जाएगा.
इस फैसले से परियोजना के लिए जरूरी अतिरिक्त वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था में मदद मिलेगी और इसके निर्माण से जुड़े लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता आसान हो सकता है.
विद्यार्थियों और युवाओं को मिलेगा फायदा
साइंस सिटी देहरादून का उद्देश्य विज्ञान को आम लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं से जोड़ना है. परियोजना के पूरा होने के बाद यहां आधुनिक वैज्ञानिक जानकारी, नवाचार और प्रयोगों से जुड़े विभिन्न अवसर विकसित किए जाने की योजना है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सिटी प्रदेश के विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान एवं नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी.
परियोजना को मिलेगी नई गति
उत्तराखंड में विज्ञान और नवाचार से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिहाज से साइंस सिटी परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. केंद्र से अतिरिक्त 14 करोड़ रुपये की सहायता मिलने के बाद अब परियोजना से जुड़े वित्तीय अंतर को कम करने में मदद मिलेगी. इससे परियोजना के शीघ्र पूरा होने की दिशा में आगे की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है.

