CM धामी ने देहरादून में ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’ को दिखाई हरी झंडी,युवाओं को दिलाई नशामुक्त राज्य की शपथ

Drug Free Uttarakhand देहरादून: देवभूमि उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ओएनजीसी (ONGC) के डॉ. बी.आर. अम्बेडकर ग्राउंड में ‘ड्रग फ्री उत्तराखण्ड वॉकथॉन’ का शुभारंभ किया। ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त उत्तराखण्ड के निर्माण की शपथ दिलाई.

Drug Free Uttarakhand
सीएम धामी ने नशामुक्त उत्तराखण्ड वॉकथॉन को दिखाई हरी झंडी

इस दौरान सीएम धामी ने युवाओं से इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण का जन-अभियान है। उन्होंने इस पहल के लिए आयोजकों और विशेष रूप से श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट की सराहना की।

“किताबों और खेल के मैदान में दिखे युवाओं का हुनर”

नशे के दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जिस युवा के हाथों में किताबें होनी चाहिए, जिसे खेल के मैदान में अपना हुनर दिखाना चाहिए और अपने परिश्रम से अपना कल संवारना चाहिए, यदि वह नशे की चपेट में आ जाता है तो पूरे परिवार की उम्मीदें टूट जाती हैं। युवाओं को इस गर्त से बचाकर उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

Drug Free Uttarakhand
युवा नशामुक्ति अभियान में सहभागी ही नहीं, नेतृत्वकर्ता भी बनें : मुख्यमंत्री का संदेश

उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए खेल, योग, व्यायाम और अच्छी संगति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। सीएम ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ जंग केवल पुलिस और प्रशासन के भरोसे नहीं जीती जा सकती, इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों को भी एकजुट होना पड़ेगा।

सरकार की दोहरी रणनीति: सख्त कार्रवाई और पुनर्वास

राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जो लोग नशे की लत के शिकार हो चुके हैं, उनके इलाज, काउंसलिंग और पुनर्वास (Rehabilitation) पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Drug Free Uttarakhand
नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस की नहीं, पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री का संदेश

सीएम ने कहा, “उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ वीरों और तपस्वियों की भूमि है। हमारी युवा पीढ़ी को शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार और खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने हैं। ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संदेश राज्य के हर घर और हर गांव तक पहुंचना चाहिए।”

कार्यक्रम में ये वरिष्ठ नेता और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर, उत्तराखण्ड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल और ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Latest news

Related news