Dr Dhan Singh Rawat का दावा ,37 हजार तीर्थ यात्रियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

देहरादून। प्रदेश में चारों धामों सहित यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। यही वजह है कि तीर्थ यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बखूबी मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री Dr Dhan Singh Rawat ने बताया कि अब तक यात्रा मार्गों पर स्थापित विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में 37 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है जबकि सात हजार से अधिक यात्रियों को ओपीडी की सुविधा मुहैया कराई गई है। आपात स्थिति में तीर्थ यात्रियों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके इसके लिये मुख्य चिकित्साधिकारियों को एम्बुलेंस का रिस्पॉस टाइम कम से कम करने के निर्देश दे दिये गये है। इसके अलावा चिन्हित स्थानों पर आवश्यकता अनुरूप अतिरिक्त एम्बुलेंस तैनात करने सहित आवश्यक जीवन रक्षक उपरकण एवं दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Dr Dhan Singh Rawat बेहतर व्यवस्था का किया दावा

सूबे में लागू आदर्श आचार संहिता के बीच निर्वाचन आयोग की अनुमति के उपरांत प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज स्वास्थ्य महानिदेशालय स्थित सभागार में चार धाम यात्रा को लेकर विभागीय समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने यात्रा मार्गों पर तीर्थ यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिये विभागीय अधिकारियों को जरूरी-दिशा निर्देश दिये। डा. रावत ने बताया कि राज्य में चार धाम यात्रा शुरू हो गई है, जिसमें देश-विदेश से लाखों तीर्थ यात्री शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि चारों धामों सहित यात्रा मार्गों पर राज्य सरकार द्वारा तमाम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है, इसके साथ ही स्वास्थ्य महकमे को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। जिसके फलस्वरूप विभाग ने अबतक चार धाम आने वाले 37 हजार से अधिक यात्रियों की स्वास्थ्य जांच कर दी है। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर स्थापित विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में सात हजार से अधिक यात्रियों को ओपीडी की सुविधा मुहैया कराई जा चुकी है।

Dr Dhan Singh Rawat ने कहा इस बार पर्याप्त स्टाफ लगाए गए हैं

डा. रावत ने बताया कि यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ करने के दृष्टिगत इस वर्ष 49 स्थाई तथा 56 अस्थाई चिकित्सा इकाई स्थापित की गई है। जिनमें रोटेशन के आधार पर 80 विशेषज्ञ चिकित्सक तथा 465 चिकित्साधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 337 पैरामेडिकल स्टॉफ की भी तैनाती की गई है। चार धाम यात्रा में कुल 156 एम्बुलैंस तैनात की गई है, जिसमें 77 आपातकालीन सेवा 108 एम्बुलेंस तथा 79 विभागीय एम्बुलेंस शामिल है। विभागीय मंत्री डा. रावत ने बताया कि यात्रा मार्गों पर एम्बुलेंस का रिस्पॉंस टाइम कम से कम करने के निर्देश संबंधित जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को दे दिये गये हैं ताकि आपात स्थिति में तीर्थ यात्रियों को समय पर चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कर उनकी जान बचाई जा सके।

यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्था पर खेंगे आलाधिकारी

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने चार धाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को परखने के लिये विभागीय आलाधिकारियों को धरातल पर उतरने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर स्थित चिकित्सा इकाईयों का भ्रमण कर वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं को परखने को कहा है। विभागीय मंत्री ने बैठक में स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार को केदारनाथ धाम, अपर सचिव स्वास्थ्य अमनदीप कौर को बदरीनाथ धाम, संयुक्त सचिव अरविंद पांगती को गंगोत्री तथा स्वास्थ्यय महानिदेशक डा. विनीता शाह को यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को परखने की जिम्मेदारी सौपी है। इसके साथ ही वह तीर्थ यात्रियों से संवाद स्थापित कर राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का भी फीडबैक लेंगे।

Latest news

Related news